Vaibhav Sooryavanshi: IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में एक 15 साल के युवा बल्लेबाज ने ऐसा धमाका किया है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। वैभव सूर्यवंशी ने अपने शानदार प्रदर्शन से ना सिर्फ मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई, बल्कि एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
सबसे तेज 30 छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड
राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 18 गेंदों में 31 रन की तेजतर्रार पारी खेली। इस छोटी लेकिन प्रभावशाली इनिंग के दौरान उन्होंने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो इससे पहले कोई बल्लेबाज नहीं कर पाया था। वैभव IPL इतिहास में सबसे तेज 30 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 9 पारियों में हासिल की। इससे पहले यह रिकॉर्ड जेक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम था, जिन्होंने 11 पारियों में 30 छक्के लगाए थे, जबकि ग्लेन मैक्सवेल ने 12 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था। इस रिकॉर्ड के साथ वैभव 10 पारियों से कम में 30 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
जायसवाल के साथ बनी रिकॉर्ड साझेदारी
यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी ने भी एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम किया। दोनों ने मिलकर आईपीएल इतिहास की सबसे तेज 500 रन की साझेदारी पूरी की, जो उन्होंने सिर्फ 248 गेंदों में कर दिखाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर के नाम था, जिन्होंने 309 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
आखिरी ओवर में पलटा मैच
मैच का रोमांच आखिरी ओवर तक बना रहा। गुजरात को जीत के लिए अंतिम दो ओवरों में 15 रन चाहिए थे, लेकिन राजस्थान के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की। 19वें ओवर में जॉफ्रा आर्चर ने सिर्फ 4 रन दिए, जबकि आखिरी ओवर में तुषार देशपांडे ने भी कसी हुई गेंदबाजी करते हुए केवल 4 रन खर्च किए। नतीजा, राजस्थान रॉयल्स ने यह मुकाबला 6 रन से अपने नाम कर लिया।
मैच का पूरा हाल
पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 210 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में गुजरात टाइटंस की टीम 8 विकेट खोकर 204 रन ही बना सकी।
नया सितारा, नई कहानी
महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने जो कर दिखाया है, उसने यह साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट को एक नया सुपरस्टार मिल चुका है। उनकी बल्लेबाजी ने ना सिर्फ टीम को जीत दिलाई, बल्कि रिकॉर्ड बुक में भी उनका नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज कर दिया।
ये भी पढ़ें: IPL-2026: 209 रन बनाकर भी हारी CSK, पंजाब किंग्स के प्रियांस बने POM

