Navratri 2025 Day 4 : आज शारदीय नवरात्रि का चौथा दिन है। इस वर्ष नवरात्रि की तृतीया तिथि दो दिनों तक रही – 24 और 25 सितंबर। आज सुबह 07:06 बजे तक तृतीया तिथि थी, जिसके बाद चतुर्थी तिथि का आरंभ हुआ। ऐसे में आज भी मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की पूजा की जाएगी। साथ ही, यह दिन विनायक चतुर्थी व्रत के लिए भी विशेष है।
इस शुभ संयोग में मां दुर्गा और भगवान गणेश दोनों की पूजा करने से जीवन में सुख-समृद्धि, कार्य सिद्धि और सभी बाधाओं से मुक्ति का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
विनायक चतुर्थी का महत्व और पूजन समय
- यह व्रत आश्विन मास की चतुर्थी तिथि को आता है।
- आज गणेश जी की पूजा का शुभ मुहूर्त प्रातः 11:00 बजे से दोपहर तक रहेगा।
- शास्त्रों में इस दिन चंद्रमा के दर्शन निषेध माने गए हैं। ऐसा करने से झूठा कलंक लग सकता है।
- जो भक्त व्रत रखकर गणेश जी की पूजा करते हैं, उनके जीवन की बाधाएं दूर होती हैं और सफलता के मार्ग खुलते हैं।
मां चंद्रघंटा की महिमा
नवरात्रि के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की उपासना से भय और नकारात्मक शक्तियां दूर होती हैं। मां का स्वरूप सिंह पर सवार, मस्तक पर अर्धचंद्र और घंटे की ध्वनि से सम्पूर्ण वातावरण को पवित्र करने वाला माना जाता है।
मां चंद्रघंटा की पूजा से साहस, शांति और समृद्धि प्राप्त होती है।
आज के दिन के विशेष मंत्र
मां चंद्रघंटा का बीज मंत्र
ऐं श्रीं शक्तयै नम:
या देवी सर्वभूतेषु शक्तिरूपेण संस्थिता…
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः।।
नवार्ण मंत्र
ॐ ऐं ह्रीं क्लीं चामुण्डायै विच्चै
दुर्गा स्तुति
दुर्गे स्मृता हरसि भीतिमशेषजन्तो:…
दारिद्रयदुःखभयहारिणि का त्वदन्या…।।
सौभाग्य प्रार्थना
देहि सौभाग्यमारोग्यं देहि मे परमं सुखम्।
रूपं देहि जयं देहि यशो देहि द्विषो जहि।।
देवी स्तुति
सर्वमंगलमांगल्ये शिवे सर्वार्थसाधिके।
शरण्ये त्र्यम्बके गौरी नारायणि नमोस्तु ते।।
पीएम मोदी की प्रार्थना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नवरात्रि के चौथे दिन मां दुर्गा से प्रार्थना की। उन्होंने सभी देशवासियों के लिए संपन्नता और प्रसन्नता का आशीर्वाद मांगा। प्रधानमंत्री हर साल की तरह इस बार भी नवरात्रि के नौ दिनों का व्रत रखकर मां की उपासना कर रहे हैं।
आज का विशेष उपाय
मां चंद्रघंटा को सुगंधित फूल और घी का दीपक अर्पित करें।
गणेश जी को मोडक और दूर्वा अर्पित करने से व्रत का फल अनेक गुना बढ़ जाता है।
आज यदि संभव हो तो मंत्र जाप का संकल्प लें। नवरात्रि में मंत्र जाप से सिद्धियां प्राप्त होती हैं और सभी कार्यों में सफलता मिलती है।
ये भी पढ़ें : आज का राशिफल : करियर और कारोबार में मिल सकता है बड़ा मौका, जानें आपकी राशि का हाल

