होम = News Featured = Mauni Amavasya 2026: आज मौनी अमावस्या, जानें दान-स्नान का शुभ मुहूर्त और सबकुछ

Mauni Amavasya 2026: आज मौनी अमावस्या, जानें दान-स्नान का शुभ मुहूर्त और सबकुछ

Mauni Amavasya 2026: आज मौनी अमावस्या का पावन पर्व मनाया जा रहा है। माघ महीने की अमावस्या को मौनी अमावस्या कहा जाता है, जिसका धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व बताया गया है। शास्त्रों के अनुसार इस दिन मौन धारण कर स्नान और दान करने से शरीर, मन और बुद्धि पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। मान्यता है कि जो व्यक्ति पूरे दिन संयम और मौन का पालन करता है, उसे स्वास्थ्य लाभ के साथ-साथ ज्ञान की प्राप्ति भी होती है। विशेष रूप से मानसिक तनाव, भय और नकारात्मक विचारों से जूझ रहे लोगों के लिए इस दिन का स्नान अत्यंत फलदायी माना गया है।

इस बार मौनी अमावस्या क्यों है खास?

इस वर्ष मौनी अमावस्या का महत्व और भी बढ़ गया है क्योंकि इस दिन ग्रह-नक्षत्रों का दुर्लभ संयोग बन रहा है। इसी अमावस्या पर महाकुंभ से जुड़ा विशेष योग भी निर्मित हो रहा है। इस दौरान शुक्र और गुरु ग्रह का राशि परिवर्तन हो रहा है, वहीं सूर्य और चंद्रमा के नक्षत्र में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। शुक्र, जो अमृत तत्व का कारक माना जाता है, अपनी उच्च राशि में स्थित है, जिससे इस दिन किए गए स्नान और दान का फल कई गुना बढ़ जाता है।

मौनी अमावस्या पर दान-स्नान की विधि

यदि आप मौनी अमावस्या के दिन किसी पवित्र नदी में स्नान करने जा रहे हैं, तो सबसे पहले घर पर स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करें। नदी में पहुंचकर कम से कम तीन बार डुबकी लगाएं। स्नान के दौरान साबुन या शरीर को रगड़ने से बचें। स्नान के बाद सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करें और देवी-देवताओं व पितरों का स्मरण करें। नदी से बाहर आकर वस्त्र पहनें। इसके पश्चात मंत्र जप, ध्यान या स्तुति कर सकते हैं और फिर अपनी क्षमता के अनुसार दान करें।

घर पर कैसे करें पवित्र स्नान?

यदि किसी कारणवश पवित्र नदी में स्नान संभव न हो, तो घर पर भी विधिपूर्वक पवित्र स्नान किया जा सकता है। इसके लिए प्रातः और संध्या दोनों समय स्नान करना शुभ माना गया है। स्नान के जल में थोड़ा सा गंगाजल मिलाएं। जल को सिर से लगाकर प्रणाम करें और फिर स्नान प्रारंभ करें। स्नान के बाद सूर्य देव को अर्घ्य दें, मंत्र जाप करें या ईश्वर की स्तुति करें। इसके उपरांत जरूरतमंदों को अन्न या वस्त्र का दान करें।

मौनी अमावस्या पर क्या दान करना शुभ?

मौनी अमावस्या के दिन दान का विशेष महत्व है। स्नान और पूजा के बाद श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार निर्धनों को दान अवश्य करना चाहिए। इस दिन अन्न, वस्त्र, काले तिल और गुड़ का दान श्रेष्ठ माना जाता है। इसके अलावा अपनी आस्था के अनुसार अन्य उपयोगी वस्तुएं भी दान की जा सकती हैं। मान्यता है कि इस दिन किया गया दान पुण्य को कई गुना बढ़ा देता है।

ये भी पढ़ें: Muni Amavasya 2026: संगम तट पर श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब, 1 करोड़ से ज्यादा लोगों ने लगाई आस्था की डुबकी; प्रशासन हाई अलर्ट पर