होम = अध्यात्म = Jaya Ekadashi 2026: जया एकादशी पर क्या करें और क्या न करें, जानें जरूरी नियम

Jaya Ekadashi 2026: जया एकादशी पर क्या करें और क्या न करें, जानें जरूरी नियम

Jaya Ekadashi 2026: भगवान विष्णु की आराधना के लिए एकादशी व्रत को विशेष माना गया है। माघ मास के शुक्ल पक्ष में आने वाली जया एकादशी को अत्यंत पुण्यदायी बताया गया है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा और नियमों के साथ व्रत रखने से न केवल मानसिक शांति प्राप्त होती है, बल्कि नकारात्मक शक्तियों और बाधाओं से भी मुक्ति मिलती है। पंचांग के अनुसार, वर्ष 2026 में जया एकादशी का व्रत 29 जनवरी को रखा जाएगा। हालांकि, कई बार अनजाने में की गई गलतियों के कारण व्रत का पूरा फल नहीं मिल पाता। ऐसे में जरूरी है कि व्रत के नियमों और सावधानियों को ठीक से समझा जाए।

जया एकादशी पर इन बातों का रखें विशेष ध्यान

चावल का सेवन न करें

धार्मिक ग्रंथों में एकादशी के दिन चावल खाने को निषिद्ध बताया गया है। मान्यता है कि इस दिन चावल का सेवन करने से पुण्य क्षीण होता है। व्रत न रखने वाले लोगों को भी इस दिन चावल से परहेज करना चाहिए।

वाणी और व्यवहार में संयम रखें

एकादशी का व्रत केवल उपवास तक सीमित नहीं है, बल्कि मन और विचारों की शुद्धि भी आवश्यक है। इस दिन क्रोध, निंदा और असत्य से दूर रहें। भगवान विष्णु के मंत्रों का जाप करना लाभकारी माना जाता है।

तुलसी के पत्ते न तोड़ें

तुलसी भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय है, लेकिन एकादशी के दिन तुलसी दल तोड़ना वर्जित माना गया है। पूजा के लिए तुलसी के पत्ते दशमी तिथि को ही तोड़कर सुरक्षित रख लें।

सात्विक जीवनशैली अपनाएं

जया एकादशी के दिन ब्रह्मचर्य का पालन करने और पूरी तरह सात्विक आहार ग्रहण करने की सलाह दी जाती है। इस दिन प्याज, लहसुन, मांस, मदिरा, मसूर की दाल और शहद का सेवन नहीं करना चाहिए।

दान और सेवा का महत्व समझें

यदि व्रत के दिन कोई जरूरतमंद या भिक्षु सहायता की अपेक्षा से आए, तो यथासंभव दान अवश्य करें। मान्यता है कि दान से पुण्य बढ़ता है और किसी का अपमान करने से व्रत का फल नष्ट हो जाता है।

जया एकादशी का धार्मिक महत्व

हिंदू धर्म में एकादशी तिथि भगवान विष्णु को समर्पित मानी गई है। जया एकादशी का विशेष महत्व यह है कि इसके व्रत से व्यक्ति को प्रेत, पिशाच और नकारात्मक शक्तियों के भय से मुक्ति मिलती है। पौराणिक कथा के अनुसार, स्वर्ग के एक गंधर्व और अप्सरा को श्रापवश पिशाच योनि में जन्म लेना पड़ा था, लेकिन जया एकादशी का व्रत करने से उन्हें उस कष्टदायक जीवन से छुटकारा मिला और वे पुनः अपने दिव्य स्वरूप को प्राप्त कर सके।

ये भी पढ़ें: Winter plant care: सर्दियों में पौधों को फंगस से कैसे बचाएं, अपनाएं ये आसान घरेलू उपाय

बंगाल