होम = अध्यात्म = Janmashtami 2025 : अगर भूल से टूट जाए जन्माष्टमी का व्रत तो न हों परेशान, इन उपायों से मिलेगी श्रीकृष्ण की असीम कृपा

Janmashtami 2025 : अगर भूल से टूट जाए जन्माष्टमी का व्रत तो न हों परेशान, इन उपायों से मिलेगी श्रीकृष्ण की असीम कृपा

Janmashtami 2025 : हिंदू धर्म में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का व्रत अत्यंत पवित्र और शुभ माना जाता है। यह व्रत केवल धार्मिक परंपरा ही नहीं, बल्कि आत्मसंयम, श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है। मान्यता है कि इस व्रत के माध्यम से भक्त अपने मन, शरीर और आत्मा को शुद्ध करते हैं और भगवान श्रीकृष्ण की कृपा प्राप्त करते हैं। जन्माष्टमी का व्रत दोबारा निर्जला या फलाहार रूप में रखा जाता है। निर्जला व्रत सबसे कठिन माना जाता है क्योंकि इसमें पूरे दिन अन्न और जल का त्याग करना होता है। भक्त केवल भजन-कीर्तन, कथा श्रवण और ध्यान में समय बिताते हैं और रात्रि 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के बाद ही व्रत का समापन करते हैं। वहीं, फलाहार व्रत उन लोगों के लिए होता है जो निर्जला उपवास करने में असमर्थ होते हैं। इसमें केवल फल, दूध, जूस, साबूदाना, कुट्टू या सिंघाड़े के आटे से बना खाना खा सकते हैं। कई बार ऐसा होता है कि आपका व्रत भूलकर टूट जाता है। ऐसा होने पर घबराएं नहीं! आइये जानते हैं इस समय क्या करें…

गलती से व्रत टूट जाए तो क्या करें?

अक्सर भक्तों से अनजाने में जन्माष्टमी का व्रत खंडित हो जाता है। जैसे कभी भूल से कुछ अन्न ग्रहण कर लिया जाता है या पानी पी लिया जाता है। ऐसे में मन में यह शंका उठती है कि क्या व्रत का फल मिलेगा या नहीं। धर्मग्रंथों के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण अत्यंत करुणामयी और दयालु हैं। वे अपने भक्तों की निष्ठा और भाव देखते हैं, न कि केवल औपचारिकता। यदि व्रत गलती से टूट जाए तो सबसे पहले भगवान से क्षमा मांगनी चाहिए। इसके लिए भक्त को निम्न मंत्र का कम से कम पांच बार जप करना चाहिए –

“मंत्रहीनं क्रियाहीनं भक्तिहीनं जनार्दन।
यत्पूजितं मया देवा परिपूर्ण तदस्तु मे॥”

इसके साथ ही “ॐ श्री विष्णवे नमः क्षमा याचना समर्पयामि॥” और “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” मंत्र का जाप करने से मन शुद्ध होता है और भगवान से क्षमा याचना की जा सकती है। इसके बाद भक्त व्रत को जारी रखते हुए रात्रि में पूजा-अर्चना और भोग के बाद ही प्रसाद ग्रहण करें।

व्रत में इन सावधानियों को बरतें

जन्माष्टमी का व्रत श्रद्धा से रखना चाहिए लेकिन अपनी क्षमता और स्वास्थ्य के अनुसार ही संकल्प लेना आवश्यक है। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोग, गर्भवती महिलाएं, स्तनपान कराने वाली माताएं और बुजुर्गों को निर्जला व्रत नहीं करना चाहिए। वे फलाहार व्रत रखकर भी भगवान की कृपा प्राप्त कर सकते हैं। याद रखें, उपवास का सार यह नहीं कि आप भूखे रहें, बल्कि यह है कि आप अपने मन, वाणी और कर्म को पवित्र बनाएं और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन हों।

भगवान श्रीकृष्ण की अटूट महिमा

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का व्रत केवल एक धार्मिक कर्तव्य नहीं है, बल्कि यह भक्त और भगवान के बीच गहरी आस्था का प्रतीक है। यदि यह व्रत गलती से खंडित हो जाए तो परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। सच्ची श्रद्धा और भक्ति से भगवान श्रीकृष्ण से क्षमा मांगकर व्रत जारी रखा जा सकता है। वे सदैव अपने भक्तों की भावनाओं को देखते हैं और अनजाने में हुई भूल को क्षमा कर देते हैं। इसीलिए जन्माष्टमी व्रत का सार केवल भूखा रहना नहीं, बल्कि प्रभु के प्रति सच्चा प्रेम और अटूट भक्ति है।

 

 

बंगाल