होम = अध्यात्म = Holi Bhai Dooj 2026: आज है होली भाई दूज, जानें भाई को तिलक लगाने का सही समय और विधि

Holi Bhai Dooj 2026: आज है होली भाई दूज, जानें भाई को तिलक लगाने का सही समय और विधि

Holi Bhai Dooj 2026: आज पूरे देश में होली भाई दूज का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। यह त्योहार भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का प्रतीक माना जाता है। भाई दूज साल में दो बार मनाया जाता है एक बार कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष द्वितीया तिथि को और दूसरी बार होली के बाद चैत्र मास की कृष्ण पक्ष द्वितीया तिथि को। इसे भ्राता द्वितीया भी कहा जाता है।

इस दिन बहनें अपने भाइयों को घर बुलाकर उनका आदर-सत्कार करती हैं। माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और खुशहाली की कामना करती हैं। इसके जवाब में भाई अपनी बहनों से वचन लेते हैं कि वे हमेशा उनकी रक्षा करेंगे। इस प्रकार भाई-बहन का यह बंधन और मजबूत होता है।

तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त

पंचांग के अनुसार, चैत्र मास की कृष्ण पक्ष द्वितीया तिथि 04 मार्च 2026 को शाम 04:48 बजे से शुरू हो चुकी है और यह आज शाम 05:03 बजे तक चलेगी। इस पूरे समय में बहनें अपने भाइयों को तिलक कर सकती हैं।

भाई दूज की तिलक विधि

सबसे पहले एक साफ पूजा की थाली तैयार करें और उसमें दीपक जलाएं।

केसर, लाल चंदन और गंगाजल मिलाकर तिलक तैयार करें और उसे चांदी या पीतल की कटोरी में रखें।

तिलक करने से पहले कटोरी को भगवान विष्णु के चरणों में अर्पित करें।

‘ऊं नमो नारायणाय’ मंत्र का 27 बार जाप करें। पहले भगवान गणेश और विष्णु जी को तिलक करें।

भाई को उत्तर-पूर्व दिशा की ओर मुख करके चौकी पर बैठाएं।

बहन भाई के माथे पर तिलक लगाए।

आरती करें और भाई की लंबी आयु व सुख-समृद्धि की कामना करें।

अंत में भाई-बहन एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपना मुंह मीठा करें।

इस प्रकार होली भाई दूज का पर्व न केवल भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करता है, बल्कि पारिवारिक प्रेम और भाईचारे की भावना को भी बढ़ाता है।

ये भी पढ़ें: Eid Shopping in Delhi: ईद की शॉपिंग के लिए बेस्ट हैं दिल्ली की ये 5 मार्केट, कम कीमत में मिलेगा शानदार कलेक्शन

बंगाल