होम = अध्यात्म = Eid Ul Fitr 2026: 20 या 21 मार्च? चांद के दीदार पर टिकी मीठी ईद की तारीख, जानिए कब मनाएंगे भारत में त्योहार

Eid Ul Fitr 2026: 20 या 21 मार्च? चांद के दीदार पर टिकी मीठी ईद की तारीख, जानिए कब मनाएंगे भारत में त्योहार

Eid Ul Fitr 2026: इस्लाम धर्म का सबसे पवित्र महीना माने जाने वाला रमजान इन दिनों चल रहा है। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोग रोजा रखकर अल्लाह की इबादत करते हैं और पूरे महीने संयम व इबादत के साथ समय बिताते हैं। रमजान के खत्म होते ही शव्वाल महीने की शुरुआत होती है और इसी महीने की पहली तारीख को ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाता है, जिसे आम बोलचाल में मीठी ईद भी कहा जाता है।

कब होगा चाँद का दीदार

हर साल की तरह इस बार भी लोगों के मन में यह सवाल बना हुआ है कि भारत में ईद 20 मार्च को मनाई जाएगी या 21 मार्च को। दरअसल, ईद-उल-फितर की तारीख पूरी तरह से चांद दिखने पर निर्भर करती है। जैसे ही रमजान के बाद शव्वाल का चांद दिखाई देता है, उसके अगले दिन ईद का त्योहार मनाया जाता है।

भारत में कब मन सकती है ईद?

इस साल भारत में रमजान की शुरुआत 19 फरवरी 2026 से मानी जा रही है। इस हिसाब से रमजान के 29 या 30 रोजे पूरे होने के बाद चांद देखा जाएगा। यदि 19 मार्च की शाम को शव्वाल का चांद दिखाई देता है, तो भारत में ईद 20 मार्च 2026 को मनाई जाएगी। लेकिन अगर उस दिन चांद नजर नहीं आता और 20 मार्च की शाम को चांद दिखाई देता है, तो ईद का त्योहार 21 मार्च 2026 को मनाया जाएगा।

जानकारों का मानना है कि खगोलीय गणनाओं के अनुसार इस बार भारत में 20 मार्च को ईद मनाए जाने की संभावना ज्यादा है, हालांकि अंतिम फैसला चांद के दीदार के बाद ही होगा।

अरब देशों में कब होगी ईद?

अरब देशों, खासकर सऊदी अरब में चांद भारत से अक्सर एक दिन पहले दिखाई देता है। इसका कारण भौगोलिक स्थिति और समय का अंतर है। अगर सऊदी अरब में 18 मार्च को चांद नजर आता है, तो वहां 19 मार्च को ईद मनाई जाएगी। इसके बाद भारत में अगले दिन यानी 20 मार्च को ईद होने की संभावना रहती है।

क्यों खास है ईद-उल-फितर?

ईद-उल-फितर रमजान के महीने के समापन का प्रतीक है। इस दिन लोग मस्जिदों में नमाज अदा करते हैं, एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद देते हैं और घरों में सेवइयां व मिठाइयां बांटी जाती हैं। इसे भाईचारे, खुशी और इंसानियत का त्योहार माना जाता है।

हालांकि इस बार भी देशभर के मुस्लिम समुदाय की निगाहें रमजान के आखिरी दिनों में चांद के दीदार पर टिकी रहेंगी, क्योंकि उसी के साथ तय होगा कि भारत में ईद 20 मार्च को मनाई जाएगी या 21 मार्च को।

ये भी पढ़ें: UAE पर ड्रोन और मिसाइलों की बौछार, दुबई एयरपोर्ट के पास हादसा, भारतीय नागरिक समेत 4 घायल

बंगाल