Dhanteras 2025 : कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाने वाला धनतेरस त्यौहार इस साल 18 अक्टूबर 2025 (शनिवार) को मनाया जाएगा। यह दिन दीपावली पर्व की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। इसी दिन से पांच दिनों तक चलने वाले दिवाली उत्सव का शुभारंभ होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन मां लक्ष्मी, भगवान कुबेर और धन्वंतरि देव की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि, धन-धान्य और आरोग्य की प्राप्ति होती है।
कहा जाता है कि समुद्र मंथन के दौरान इसी दिन देवी लक्ष्मी जी और अमृत कलश के साथ धन्वंतरि देव प्रकट हुए थे, इसलिए इस तिथि को धन त्रयोदशी या धनतेरस कहा जाता है। ज्योतिष के अनुसार, इस दिन कुछ विशेष वस्तुएं खरीदने से धन की वृद्धि, आर्थिक स्थिरता और भाग्य में उन्नति होती है। आइए जानते हैं इस धनतेरस पर कौन सी चीजें खरीदना सबसे शुभ रहेगा।
कुबेर यंत्र खरीदना रहेगा अत्यंत शुभ
धनतेरस के दिन कुबेर यंत्र खरीदने की परंपरा बहुत शुभ मानी जाती है। इसे घर, दुकान या तिजोरी में स्थापित करने से धन की कमी दूर होती है और आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। कुबेर यंत्र को लक्ष्मी-कुबेर पूजा के समय स्थापित करने से व्यापार में भी वृद्धि होती है।
नमक और धनिया खरीदने का भी है महत्व
इस दिन नमक खरीदना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि नमक दरिद्रता को दूर करता है और घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। वहीं, धनिया के बीज खरीदकर उसे घर या गमले में बोने से घर में समृद्धि आती है और धन के मार्ग खुलते हैं।
तांबा, पीतल और कांसे के बर्तन खरीदें
धनतेरस का संबंध ‘धन’ और ‘धातु’ दोनों से है। इसीलिए इस दिन तांबा, पीतल या कांसे की वस्तुएं खरीदना बहुत शुभ माना गया है। इन धातुओं से बने बर्तन, पूजा सामग्री या गृह सज्जा की चीजें घर में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाती हैं और स्वास्थ्य लाभ भी प्रदान करती हैं। ज्योतिष के अनुसार, इस दिन धातु खरीदने से शुक्र ग्रह मजबूत होता है, जिससे खर्चो में कमी और सुख-सुविधा में वृद्धि होती है।
झाडू खरीदना भी लाता है मां लक्ष्मी की कृपा
धनतेरस पर नई झाडू खरीदने की परंपरा बेहद प्राचीन है। इसे मां लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है। कहा जाता है कि इस दिन नया झाडू लाकर उससे घर की सफाई करने से दरिद्रता दूर होती है और मां लक्ष्मी का आगमन होता है।
ये भी पढ़े – Dhanteras 2025 : सोना-चांदी के भाव में रिकॉर्ड तेजी, जानें 10 ग्राम गोल्ड की कीमत?
देवी लक्ष्मी और भगवान गणेश की मूर्तियां
धनतेरस के दिन मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की नई मूर्तियां खरीदकर घर लाना अत्यंत शुभ होता है। इन मूर्तियों की दिवाली की रात विधि-विधान से पूजा करने से घर में धन, सुख और सौभाग्य की स्थायी प्राप्ति होती है।

