Written By: Jesika verma
Jhalawar accident: राजस्थान के झालावाड़ जिले के पिपलोदी गांव में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक सरकारी स्कूल की छत प्रार्थना सभा के दौरान अचानक गिर गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, करीब 60 से ज्यादा बच्चे मलबे में दबे होने की आशंका है।
घटना उस समय हुई जब स्कूल में सुबह की प्रार्थना सभा चल रही थी और सभी बच्चे स्कूल में मौजूद थे। तभी अचानक स्कूल की छत भरभराकर गिर पड़ी। छत गिरते ही स्कूल में चीख-पुकार मच गई और बच्चे मलबे के नीचे दब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों को बचाने में जुट गए। इसके साथ ही प्रशासन और पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। JCB मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है। अब तक कई बच्चों को बाहर निकाला जा चुका है और उन्हें मनोहरथाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में इलाज के लिए भेजा गया है।
घटना के तुरंत बाद गांव के लोग एकजुट होकर बचाव में जुट गए। बिना किसी डर के उन्होंने हाथों और फावड़े से मलबा हटाना शुरू कर दिया। स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों ने मदद कर कई बच्चों की जान बचाई।
अधिकारियों के अनुसार, अब तक किसी की मृत्यु नहीं हुई है, लेकिन कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को जरूरत पड़ने पर कोटा के बड़े अस्पतालों में रेफर किया जाएगा। जांच के आदेश दे दिए गए हैं और छत गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस हादसे ने सरकारी स्कूलों की हालत और उनकी अनदेखी को स्पष्ट कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल की छत पहले से ही कमजोर थी, लेकिन प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया। झालावाड़ की यह घटना काफी दुखद और चिंताजनक है।
यह भी पढ़ें : 25 जुलाई 2025 का लव राशिफल: प्यार की राह में आइए जानिए अपने सितारों की चाल