होम = State = उत्तर प्रदेश = मायावती का मिशन 9 अक्टूबर की तैयारी तेज, बसपा संवारने को क्या है बहन जी की रणनीति

मायावती का मिशन 9 अक्टूबर की तैयारी तेज, बसपा संवारने को क्या है बहन जी की रणनीति

Mayawati mission 2027 : उत्तर प्रदेश की राजनीति में सुस्ती से उबरने की कोशिश कर रही बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अब एक बार फिर से खुद को मजबूत करने की दिशा में जुट गई है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने 9 अक्टूबर को पार्टी के संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि के मौके पर ‘मिशन 2027’ की शुरुआत करने का फैसला किया है। यह दिन अब सिर्फ श्रद्धांजलि का नहीं,बल्कि राजनीतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बनने जा रहा है।

मायावती ने संभाला मोर्चा

पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, मायावती इन दिनों लखनऊ में डेरा डाले हुए हैं और लगातार पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ मंथन कर रही हैं। उनकी कोशिश साफ है कि अपने कोर वोट बैंक यानी दलित समुदाय को फिर से एकजुट करना और साथ ही अतिपिछड़े वर्ग को साधकर सियासी समीकरणों में नई जान फूंकना।

कैडर कैंप और पंचायत चुनाव पर फोकस

बसपा ने राज्य के विभिन्न जिलों में कैडर कैंप लगाने शुरू कर दिए हैं। पार्टी का उद्देश्य है कि 2026 में होने वाले पंचायत चुनाव में दमदार प्रदर्शन कर ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी जड़ें फिर से मजबूत की जाएं। इसी रणनीति के तहत अन्य दलों के जिला पंचायत सदस्य, पूर्व विधायक और स्थानीय नेताओं को पार्टी में शामिल कराया जा रहा है।

9 अक्टूबर से मिशन 2027 का आगाज

2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र मायावती ने अब पूरी तैयारी शुरू कर दी है। राज्य की राजनीति में जहां समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच सीधी टक्कर दिखाई दे रही है, वहीं बसपा इस मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश में है। ‘मिशन अक्टूबर’ इसी दिशा में पहला कदम माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें : ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ की शुरुआत है भारत का मेक इन इंडिया…PM मोदी ने किया मारुति सुजुकी EV यूनिट का उद्घाटन

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मिशन बसपा के लिए ‘करो या मरो’ की स्थिति जैसा है। पार्टी को न सिर्फ अपना खोया जनाधार वापस पाना है, बल्कि खुद को एक बार फिर राज्य की राजनीति की तीसरी अहम ताकत के तौर पर स्थापित भी करना है। क्या मायावती की यह सियासी चाल रंग लाएगी, यह तो समय बताएगा, लेकिन इतना तय है कि 9 अक्तूबर से बसपा एक बार फिर पूरी ताकत से मैदान में उतरने जा रही है।

Tags : BSP Mayawati

बंगाल