PM Modi West Bengal Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से पश्चिम बंगाल और असम के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे। इस यात्रा के दौरान वह रेल, सड़क और आधारभूत ढांचे से जुड़ी कई अहम विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही असम में काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना की नींव रखेंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।
पहले दिन का कार्यक्रम
यात्रा के पहले दिन प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल के मालदा रेलवे स्टेशन से हावड़ा और गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलने वाली देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को वर्चुअल माध्यम से रवाना करेंगे। इसके अलावा मालदा में आयोजित कार्यक्रम में वह 3,250 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली रेल और सड़क परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।
रेलवे परियोजनाओं पर खास फोकस
प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल में चार महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं की नींव रखेंगे। इनमें बलुरघाट-हिली नई रेल लाइन, न्यू जलपाईगुड़ी में अत्याधुनिक माल ढुलाई रखरखाव सुविधा, सिलीगुड़ी लोको शेड का उन्नयन और जलपाईगुड़ी जिले में वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव केंद्र का आधुनिकीकरण शामिल है। साथ ही मालदा से वर्चुअल माध्यम से चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी।
दूसरे दिन असम और बंगाल में कार्यक्रम
दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री मोदी असम के कालियाबोर में 6,950 करोड़ रुपये से अधिक की काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना का भूमि पूजन करेंगे। इस अवसर पर गुवाहाटी-रोहतक और डिब्रूगढ़-लखनऊ के बीच चलने वाली दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी रवाना किया जाएगा।
इसी दिन प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के सिंगूर में 830 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके तहत बालागढ़ में विस्तारित बंदरगाह द्वार प्रणाली की आधारशिला रखी जाएगी। साथ ही कोलकाता से अन्य राज्यों के लिए तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी।
बोडो संस्कृति की झलक
प्रधानमंत्री के असम दौरे को लेकर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी शाम 5:45 बजे गुवाहाटी के सरुसजाई स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां बोडो जनजाति के 10 हजार से अधिक युवक-युवतियां पारंपरिक बागुरुम्बा नृत्य प्रस्तुत करेंगे। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए बोडो संस्कृति को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। अगले दिन प्रधानमंत्री कालियाबोर में काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना की आधारशिला रखेंगे।
ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में छाया भयंकर कोहरा; UP-MP में कोल्ड डे, सड़कों पर यातायात प्रभावित

