होम = News Top = लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष ने किया हंगामा, राहुल गांधी को नहीं बोलने देने पर विपक्ष ला सकता है अविश्वास प्रस्ताव

लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष ने किया हंगामा, राहुल गांधी को नहीं बोलने देने पर विपक्ष ला सकता है अविश्वास प्रस्ताव

Budget session: लोकसभा में सोमवार को प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी सांसदों का हंगामा देखने को मिला। पहले 12 बजे और फिर उसके बाद सदन की कार्यवाही को 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। वहीं, इससे पहले सदन में अंडर 19 क्रिकेट टीम को जिम्बाब्वे में वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ मिली जीत पर बधाई दी गई। गौरतलब है, सदन में 1 फरवरी को बजट पेश होने के बाद से सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों में टकराव जारी है। इनमें प्रमुख मुद्दा भारत-यूएस ट्रेड डील और सेना के पूर्व चीफ जनरल मनोज नरवणे की अप्रकाशित किताब के कथित चीनी सेना के डोकलाम में घुसने का विषय शामिल है।

विपक्ष लोकसभा स्पीकर के खिलाफ ला सकता है अविश्वास प्रस्ताव

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है। सूत्रों मुताबिक कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ विपक्ष के नेताओं की बैठक हुई है। उनका कहना है कि विपक्ष को संसद में बोलने नहीं दिया जाएगा तो अविश्वास प्रस्ताव लाएंगे।

ये भी पढ़ें: India-US Trade Deal: अमेरिका ने भारत के साथ ट्रेड डील क्यों की? जानिए इसकी इनसाइड स्टोरी

असम सीएम का कथित विवादित वीडियो

ट्रेड डील के अलावा विपक्ष असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के कथित विवादित वीडियो को मुद्दा बनाकर संसद में हंगामा कर सकता है। बता दें कि इस वीडियो में सीएम हिमंत को प्रतीकात्मक रूप में मुसलमानों पर गोली चलाते दिखाया गया था। हालांकि विरोध के बाद सोशल मीडिया से इसे हटा लिया गया है। लेकिन कांग्रेस ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कर सरकार की नैतिकता पर सवाल उठाया। 

विपक्षी सांसदों की 10 बजे होगी बैठक

सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस सांसद व राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर विपक्षी दलों के नेताओं की एक अहम बैठक सोमवार 10 बजे होगी। इंडिया गठबंधन के सहयोगी दल बजट सत्र के दौरान सरकार को घेरने की साझा रणनीति तैयार करेंगे। मालूम हो कि पीएम नरेंद्र मोदी के भाषण के दौरान भी विपक्षी सांसदों ने सदन में हंगामा किया था और राज्यसभा से वॉकआउट किया था।

ये भी पढ़ें : कांग्रेस नेता गौरव गोगोई का कथित पाक कनेक्शन क्या है? जानिए असम सरकार ने जांच के लिए क्यों मामले को केंद्र के पास भेजा