होम = News Top = PM मोदी ने असम में अमृत भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी, विपक्ष पर साधा निशाना; बोले- देश को चाहिए विकास, कांग्रेस नहीं

PM मोदी ने असम में अमृत भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी, विपक्ष पर साधा निशाना; बोले- देश को चाहिए विकास, कांग्रेस नहीं

PM Modi Assam visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय असम दौरे पर हैं। रविवार को अपने दौरे के दूसरे दिन पीएम मोदी ने कालियाबोर में 6,957 करोड़ रुपये की लागत वाले काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर की आधारशिला रखी और दो अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कहा कि पार्टी देश का भरोसा खो चुकी है।

घुसपैठ पर कांग्रेस को घेरा

प्रधानमंत्री ने कहा कि असम की पहचान, संस्कृति और सुरक्षा को बचाना आज बड़ी चुनौती है। उन्होंने असम सरकार की घुसपैठ के खिलाफ कार्रवाई की सराहना करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में राज्य की जमीन और संसाधन घुसपैठियों के हवाले कर दिए गए थे। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के दौर में न केवल घुसपैठ बढ़ी, बल्कि तस्करी और अन्य अपराधों में भी इजाफा हुआ, जिससे जनसंख्या संतुलन बिगड़ा और सुरक्षा पर खतरा बढ़ा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल घुसपैठियों को बचाने की राजनीति करते रहे हैं। बिहार और अन्य राज्यों का उदाहरण देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जनता ने इस राजनीति को नकार दिया है और असम की धरती से भी कांग्रेस को करारा जवाब मिलेगा।

देश कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति से ऊब चुका

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के पास न विकास का रोडमैप है और न ही सकारात्मक सोच। जिस मुंबई में कांग्रेस का जन्म हुआ, वहां वह हाशिए पर पहुंच चुकी है। महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी कांग्रेस सिमटती जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी पार्टी न असम का भला कर सकती है और न ही काजीरंगा जैसे धरोहर स्थलों का।

बीजेपी बनी जनता की पहली पसंद

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज बीजेपी देश की पहली पसंद बन चुकी है। हाल के चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में रिकॉर्ड वोट और सीटें, मुंबई में ऐतिहासिक जनादेश और केरल जैसे राज्यों में बढ़ता समर्थन यह दर्शाता है कि जनता सुशासन और विकास को प्राथमिकता दे रही है।

काजीरंगा से जुड़ी यादें साझा कीं

पीएम मोदी ने काजीरंगा के साथ अपने व्यक्तिगत अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि नेशनल पार्क में बिताई गई रात और हाथी सफारी के दौरान प्रकृति को करीब से देखने का अनुभव उनके जीवन के खास पलों में शामिल है। उन्होंने कहा कि काजीरंगा केवल एक नेशनल पार्क नहीं, बल्कि असम की आत्मा और भारत की जैव विविधता का अनमोल रत्न है, जिसे यूनेस्को ने विश्व धरोहर का दर्जा दिया है।

पर्यटन से बढ़े स्थानीय अवसर

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब प्रकृति संरक्षित होती है, तो विकास के नए रास्ते खुलते हैं। काजीरंगा में पर्यटकों की बढ़ती संख्या से होमस्टे, गाइड सेवा, परिवहन, हस्तशिल्प और छोटे व्यवसायों के जरिए स्थानीय युवाओं को रोजगार और आय के अवसर मिले हैं।

नॉर्थ ईस्ट अब केंद्र की प्राथमिकता

पीएम मोदी ने कहा कि नॉर्थ ईस्ट अब दिल्ली से ही नहीं, बल्कि दिल से भी जुड़ चुका है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस शासन के दौरान असम को रेलवे के लिए जहां करीब 2,000 करोड़ रुपये मिलते थे, वहीं बीजेपी सरकार में यह बढ़कर 10,000 करोड़ रुपये हो गए हैं। राज्य में बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हुआ है और केंद्र सरकार असम को पहले से कहीं ज्यादा समर्थन दे रही है।

ये भी पढ़ें : Magh Mela Snan : शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने संगम तट पर स्नान से किया इंकार, समर्थकों ने की तोड़फोड़; प्रशासन अलर्ट