PM Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के दौरे पर जाने वाले हैं। इससे पहले तमिलनाडु की सत्ता पार्टी DMK के एक नेता ने पीएम मोदी को जान से मारने की धमकी दी है। इस धमकी का वीडियो वायरल होने के बाद बड़ा विवाद शुरू हो गया है।
BJP के राज्य अध्यक्ष नयनार नागेन्द्रन ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया और कहा कि पीएम मोदी को धमकी देने वाले DMK नेता को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
DMK नेता ने क्या कहा ?
तेनकासी जिले में SIR के खिलाफ हुए protest में DMK के दक्षिण जिला सचिव जयपालन ने अपने भाषण में परोक्ष रूप से PM मोदी को धमकी देने जैसा बयान दिया। उन्होंने PM मोदी की तुलना नरकासुर से करते हुए कहा कि मोदी वोट पाने के लिए बेताब हैं और उन्हें हराना ही तमिलनाडु के लिए अच्छा होगा। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि सब एकजुट होकर इस लड़ाई को जीतें।
BJP ने दिया करारा जवाब
तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष नयनार नागेन्द्रन ने सोशल मीडिया पर कहा कि देश के प्रधानमंत्री जैसे महत्वपूर्ण और सम्मानित नेता को मंच पर खड़े होकर जान से मारने की धमकी देना, राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिस समय DMK नेता जयपालन यह भड़काऊ भाषण दे रहे थे, उस समय वहां मौजूद तेनकासी की सांसद रानी श्रीकुमार और शंकरनकोविल के विधायक राजा ने कुछ नहीं कहा। उनकी चुप्पी दिखाती है कि पार्टी हिंसा को बढ़ावा दे रही है।
नागेन्द्रन ने कहा कि DMK इस मामले पर कोई भी बहाना बनाए, लेकिन इसे माफ नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि सरकार DMK के दक्षिण जिला सचिव जयपालन को तुरंत गिरफ्तार करे, क्योंकि उनके बयान से प्रधानमंत्री की सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ है।
पुट्टापर्थी से कोयंबटूर तक- PM मोदी का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को आंध्र प्रदेश के पुट्टापर्थी में सत्य साई बाबा के पवित्र स्थान पर दर्शन करेंगे। इसके बाद वे तमिलनाडु के कोयंबटूर जाएंगे। वहाँ वे दक्षिण भारत प्राकृतिक कृषि शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे और PM-Kisan योजना की 21वीं किस्त किसानों को जारी करेंगे।

