होम = News Latest = हरिद्वार में हरकी पैड़ी को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हुई अलर्ट

हरिद्वार में हरकी पैड़ी को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हुई अलर्ट

Haridwar Harki Pauri Bomb Threat: उत्तराखंड के हरिद्वार से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हरकी पैड़ी को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पुलिस को फोन के जरिए मिली इस धमकी के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। हरकी पैड़ी हरिद्वार का सबसे प्रमुख और पवित्र गंगा घाट माना जाता है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना और स्नान के लिए पहुंचते हैं। धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच एजेंसियां मामले की पड़ताल में जुट गई हैं।

112 पर कॉल कर दी गई धमकी

पुलिस जांच में सामने आया कि हरकी पैड़ी को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला युवक नशे की हालत में था। करीब 30 वर्षीय युवक ने डायल 112 पर कॉल कर अगले चार दिनों के भीतर हरकी पैड़ी समेत कई जगहों को बम से उड़ाने की धमकी दी थी, जिसके बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। कॉल की लोकेशन ट्रेस करने पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पहचान पौड़ी जिले के यमकेश्वर निवासी सोहन सिंह रावत के रूप में हुई। पूछताछ में युवक ने कबूल किया कि उसने शराब के नशे में यह धमकी दी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हरिद्वार नगर कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

यहां स्नान से मिलता है मोक्ष

हर की पैड़ी हरिद्वार का सबसे प्रसिद्ध और पवित्र घाट माना जाता है। यहां गंगा स्नान के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस स्थान का संबंध भगवान विष्णु से है और यहां स्नान करने से पापों से मुक्ति तथा मोक्ष की प्राप्ति होती है। शाम के समय हर की पैड़ी का दृश्य बेहद आकर्षक और आध्यात्मिक होता है, जब यहां भव्य गंगा आरती आयोजित की जाती है। इस आरती को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। यही नहीं, हर 12 साल में यहां महाकुंभ और 6 साल में अर्धकुंभ मेले का आयोजन भी होता है, जिसमें करोड़ों लोग शामिल होते हैं।