होम = Others = यूपी को मिला नया मुख्य सचिव : एसपी गोयल संभालेंगे कमान, मनोज कुमार सिंह हुए रिटायर

यूपी को मिला नया मुख्य सचिव : एसपी गोयल संभालेंगे कमान, मनोज कुमार सिंह हुए रिटायर

by | Jul 31, 2025 | Others

UP Chief Secretary : योगी सरकार (Yogi government) ने उत्तर प्रदेश की नौकरशाही को नया नेतृत्व दे दिया है। 1989 बैच के वरिष्ठतम आईएएस अधिकारी शशि प्रकाश गोयल (एसपी गोयल) को प्रदेश का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। मौजूदा मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह के सेवानिवृत्त होने के बाद यह निर्णय लिया गया।

8 वर्षों से मुख्यमंत्री के प्रमुख रणनीतिक सिपहसालार

एसपी गोयल इस समय मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव के रूप में कार्यरत थे और पिछले 8 वर्षों से मुख्यमंत्री के प्रमुख रणनीतिक सिपहसालार माने जाते रहे हैं। उनकी वरिष्ठता और सरकार के प्रति कार्यनिष्ठा को देखते हुए उन्हें राज्य की ब्यूरोक्रेसी की सबसे अहम कुर्सी सौंपी गई है।

कौन हैं एसपी गोयल?

एसपी गोयल उत्तर प्रदेश कैडर के 1989 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में प्रदेश के सबसे सीनियर मोस्ट अफसर हैं। उन्होंने कई अहम विभागों में सेवा दी है और मुख्यमंत्री के सचिवालय में उनकी भूमिका निर्णायक रही है। उन्हें शासन-संचालन की गहरी समझ और प्रशासनिक सूझबूझ के लिए जाना जाता है।

लंबा कार्यकाल और अहम ज़िम्मेदारी

गोयल का रिटायरमेंट जनवरी 2027 में है, यानी वह लगभग 18 महीने तक मुख्य सचिव के पद पर बने रहेंगे। ऐसे में अगले विधानसभा चुनावों (फरवरी-मार्च 2027) तक उनके पास यह ज़िम्मेदारी रहेगी। इससे पहले प्रदेश में चुनावी तैयारियों, सरकारी योजनाओं की ज़मीनी डिलीवरी और अफसरशाही को चुस्त-दुरुस्त रखने की अहम जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर है।

क्यों है यह नियुक्ति अहम?

मुख्य सचिव प्रदेश सरकार और अफसरशाही के बीच सबसे बड़ा सेतु होता है। चुनाव से पहले की योजना निर्माण, बजट कार्य, और केंद्र-राज्य समन्वय जैसे कामों में एसपी गोयल की भूमिका बेहद निर्णायक होगी। अगर वह प्रदर्शन में खरे उतरते हैं तो उन्हें आगे सेवा विस्तार भी मिल सकता है। एसपी गोयल की मुख्य सचिव के तौर पर नियुक्ति केवल एक प्रशासनिक फेरबदल नहीं, बल्कि योगी सरकार की कार्यशैली और आगे की रणनीति का संकेत है। अगले डेढ़ साल में उनकी कार्यशैली और नेतृत्व योगी सरकार की उपलब्धियों को तय करने में बड़ी भूमिका निभाएगा।

बंगाल