UP IAS Transfer : लखनऊ उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार (Yogi Adityanath government ने रविवार को प्रशासनिक क्षेत्र में एक बड़ा फेरबदल किया है। राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कुल 23 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, जिसमें 10 जिलों के जिलाधिकारी भी शामिल हैं। इस तबादले में गोरखपुर, गाजियाबाद, प्रयागराज, गौतमबुद्ध नगर, कासगंज, कानपुर देहात, बहराइच, मिर्जापुर, गोंडा और ललितपुर जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं। सबसे महत्वपूर्ण नियुक्ति में मेधा रूपम को गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
किसको मिली कहां की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर में भी प्रशासनिक बदलाव हुआ है। गाजियाबाद के पूर्व जिलाधिकारी दीपक मीणा को गोरखपुर का नया डीएम नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में प्रयागराज के डीएम रहे रविंद्र कुमार मंदर को गाजियाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक सुधार के इस दौर में राजेश कुमार को अयोध्या का मंडलायुक्त बनाया गया है, जबकि वित्त विभाग की पूर्व सचिव मिनिष्ती एस को गन्ना आयुक्त का महत्वपूर्ण पद दिया गया है। कृष्ण करुणेश को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नोएडा की जिम्मेदारी मिली है।
इनको भी मिली बड़ी जिम्मेदारी
जिला स्तरीय नियुक्तियों में प्रणय सिंह को कासगंज, कपिल सिंह को कानपुर देहात, अक्षय त्रिपाठी को बहराइच, अमनदीप डुली को ललितपुर, पवन कुमार गंगवार को मिर्जापुर और प्रियंका निरंजन को गोंडा का जिलाधिकारी बनाया गया है। विभागीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। गोंडा की पूर्व जिलाधिकारी नेहा शर्मा को प्रभारी महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है, जबकि बहराइच की पूर्व डीएम मोनिका रानी को विशेष सचिव बेसिक शिक्षा विभाग एवं अपर महानिदेशक स्कूल शिक्षा का दायित्व सौंपा गया है।
अमृत त्रिपाठी को उच्च शिक्षा विभाग में सचिव
सचिव स्तर की नियुक्तियों में गौरव दयाल को गृह विभाग का सचिव, डॉक्टर सारिका मोहन को वित्त विभाग में सचिव, अमृत त्रिपाठी को उच्च शिक्षा विभाग में सचिव और प्रमोद कुमार उपाध्याय को समाज कल्याण विभाग में सचिव बनाया गया है। यह व्यापक तबादला योगी सरकार की प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की नीति का हिस्सा माना जा रहा है।
ये भी पढ़े- गाजियाबाद को मिला नया कप्तान : कौन हैं तेजतर्रार आईएएस अफसर रविंद्र कुमार मंदर?

