Ghaziabad Murder : गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक विवाहिता की उसके ही पति ने गला रेतकर हत्या कर दी। यह दिल दहला देने वाली वारदात मोदीनगर थाना क्षेत्र के गदाना गांव में हुई, जहां पारिवारिक विवाद के चलते पति ने पत्नी की जान ले ली और घटना के बाद मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, गदाना गांव निवासी जितेंद्र टायर पंचर की दुकान चलाता है। उसकी शादी करीब तीन साल पहले 26 वर्षीय स्वाति से हुई थी। दोनों का 14 महीने का एक बेटा भी है। लेकिन शादीशुदा जीवन शुरू होने के बाद से ही स्वाति का जीवन दुखों से भर गया। परिजनों का आरोप है कि जितेंद्र शराब पीने का आदी था और आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था। स्वाति ने कई बार पति की शराबखोरी का विरोध किया, लेकिन जब भी वह विरोध करती तो जितेंद्र उसे कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटता था।
आएदिन करता था प्रताड़ित
स्वाति की बड़ी बहन मोनिका ने बताया कि शादी के बाद से ही जितेंद्र बहन को ताने देता था और लगातार प्रताड़ित करता था। हालात इतने बिगड़ गए थे कि स्वाति लगभग एक साल तक मायके में रही और उसने साफ मना कर दिया था कि वह अब पति के साथ नहीं जाएगी। लेकिन बाद में जितेंद्र ने हाथ जोड़कर उसे मनाया और घर ले आया। इसके बावजूद उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया और वह स्वाति को शारीरिक व मानसिक रूप से परेशान करता रहा।
पुलिस की दो टीमें गठित कर दी
बीती रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। पुलिस के अनुसार, इसी झगड़े के दौरान आरोपी पति ने धारदार हथियार से पत्नी स्वाति का गला काटकर हत्या कर दी। घटना के समय घर में अन्य सदस्य भी मौजूद थे, लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, जितेंद्र मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही मोदीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। SHO नरेश शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति द्वारा पत्नी की हत्या की पुष्टि हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
घरेलू हिंसा का शिकार
गांव और इलाके में इस घटना से लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वाति अक्सर घरेलू हिंसा का शिकार होती थी, लेकिन उसने कभी अपने वैवाहिक रिश्ते को तोड़ने का साहस नहीं किया। अब उसकी दर्दनाक मौत ने समाज में महिलाओं की सुरक्षा और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर मुद्दों को फिर से उजागर कर दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि यदि पहले ही जितेंद्र की हरकतों पर सख्त कार्रवाई की गई होती तो शायद आज स्वाति जिंदा होती।
ये भी पढ़े : गाजियाबाद में आवारा कुत्तों के आतंक से राहत, 2.43 करोड़ की लागत से बनेगा तीसरा एबीसी सेंटर

