होम = Others = अब सफर के दौरान अधिक सामान लेने जाने पर रेलवे वसूलेगा चार्ज, जानें क्या है नया नियम

अब सफर के दौरान अधिक सामान लेने जाने पर रेलवे वसूलेगा चार्ज, जानें क्या है नया नियम

by | Aug 19, 2025 | Others

Indian Railway Luggage Rule : भारतीय रेलवे ने यात्री सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए अपने नियमों में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है. अब रेलवे यात्रियों द्वारा सफर के दौरान साथ ले जाने वाले सामान के वजन पर सख्त नियंत्रण लगाएगा, ठीक उसी तरह जैसे एयरलाइंस में होता है. हालांकि यह नियम पहले से ही अस्तित्व में था,लेकिन अब इसे पूरी तरह से लागू किया जाएगा.

ज्यादा सामान को रेलवे ने बताया जोखिम

उत्तर रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे ने इस नए नियम को लखनऊ और प्रयागराज मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर लागू करने का निर्णय लिया है. इस नियम के तहत उन स्टेशनों पर सख्ती से सामान के वजन की जांच की जाएगी, जिनमें प्रमुख स्टेशन जैसे प्रयागराज, मिर्जापुर, कानपुर, अलीगढ़ जंक्शन, लखनऊ चारबाग, बनारस, सूबेदारगंज, मिर्जापुर, टूंडला, गोविंदपुरी और इटावा शामिल हैं. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा दोनों के लिए अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि अक्सर यात्री अत्यधिक सामान लेकर यात्रा करते हैं, जिससे कोच में बैठने और चलने में असुविधा होती है. इसके अलावा, अतिरिक्त सामान को सुरक्षा जोखिम भी माना गया है.

सामान पर जुर्माना भी लगाया जाएगा

अगर यात्री अपने निर्धारित वजन सीमा से ज्यादा सामान लेकर यात्रा करते हैं, तो उन्हें जुर्माना भरना होगा. स्टेशन पर एयरपोर्ट की तरह ही सामान को बुक करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. यदि किसी यात्री का सामान तय सीमा से ज्यादा भारी या आकार में बड़ा पाया जाता है, तो उसे सामान्य दर से अधिक चार्ज करना होगा. रेलवे के मुताबिक, अगर किसी यात्री का सामान बिना बुकिंग के है या निर्धारित वजन से अधिक है, तो उस पर जुर्माना लगाया जाएगा.

क्या होगी सामान की अनुमति?

रेलवे ने प्रत्येक श्रेणी के लिए अलग-अलग मुफ्त सामान की सीमा तय की है

  • फर्स्ट क्लास एसी कोच: 70 किलोग्राम तक
  • एसी सेकंड क्लास: 50 किलोग्राम तक
  • थर्ड एसी और स्लीपर क्लास: 40 किलोग्राम तक
  • जनरल टिकट: 35 किलोग्राम तक

यात्रियों को 10 किलोग्राम तक अतिरिक्त सामान ले जाने की छूट होगी, लेकिन इससे अधिक सामान के लिए बुकिंग करानी होगी.

इलेक्ट्रॉनिक मशीनों से होगी जांच

सामान के वजन और आकार की जांच करने के लिए भारतीय रेलवे प्रमुख स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक मशीनें लगाएगी. यात्रियों के प्लेटफार्म पर प्रवेश करने से पहले उनके बैग का वजन और आकार चेक किया जाएगा. विशेष ध्यान रखा जाएगा कि बैग का आकार जरूरत से ज्यादा बड़ा न हो, क्योंकि अगर बैग का आकार निर्धारित सीमा से अधिक होगा तो पेनल्टी भी लग सकती है, भले ही वजन तय सीमा से कम हो.

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस कदम से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और सफर सुरक्षित बनेगा. इस कदम को लागू करने के बाद रेलवे का उद्देश्य सफर के दौरान यात्रियों के सामान की अधिकतम सीमा को नियंत्रित करना और उन्हें अतिरिक्त सामान के लिए उचित शुल्क के साथ सुविधा प्रदान करना है.