RSS defamation case: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शनिवार को आरएसएस से जुड़े एक मानहानि के मामले में ठाणे जिले के भिवंडी कोर्ट में पेश हुए जहां से उन्हें जमानत मिल गई है। राहुल गांधी के वकील नारायण अय्यर ने बताया कि मामले में नए जमानतदार हर्षवर्धन सकपाल होंगे। उन्होंने कहा इस केस की जो सच्चाई है वो पूरे देश और विश्व को जाएगा और उन्हें पूरे न्यायिक व्यवस्था पर भरोसा है। इससे पहले बीजेपी कार्यकर्ताओं ने एआई समिट में कांग्रेस के प्रदर्शन पर मुंबई में काले झंडे दिखाए। बता दें कि मानहानि मामला 2014 का है जब लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान सोनाले में राहुल गांधी ने संघ को लेकर बयान दिया था। इस संबंध में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी राजेश कुंटे ने शिकायत दर्ज कराई थी।
राहुल को मिला था कोर्ट में पेश रहने का निर्देश
राहुल गांधी के वकील नारायण अय्यर ने बताया, “गांधी से नई जमानत देने को कहा गया है, क्योंकि (कांग्रेस नेता) शिवराज पाटिल चाकुरकर, जो उनके मौजूदा जमानतदार थे, की 12 दिसंबर को मौत हो गई थी।” जब राहुल गांधी को इस मामले में जमानत मिली थी, तो पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल उनकी जमानत के लिए खड़े हुए थे। वकील ने कहा कि जज ने खास तौर पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को नई जमानत से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए खुद कोर्ट में मौजूद रहने का निर्देश दिया था।
ये भी पढ़ें: अमित शाह मानहानि केस में राहुल गांधी ने सुल्तानपुर कोर्ट में दर्ज कराया बयान, 9 मार्च को होगी अगली सुनवाई

