Protest Start after khamenei Dead News: ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के बाद विरोध में अलग-अलग देशों में लोग सड़कों पर उतर प्रदर्शन कर रहे हैं। मालूम हो कि शनिवार को अमेरिका-इजरायल ने ईरान पर बड़े स्तर पर हमले किए। अब तक 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। खामेनेई की मौत को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल ट्रंप भी दावा कर चुके हैं। ट्रंप ने कहा, “यह न केवल ईरान की पब्लिक के लिए इंसाफ है, बल्कि सभी अमेरिकियों और विश्व भर के उन देशों के नागरिकों के लिए भी न्याय है, जिन्हें खामेनेई और उसके गिरोह ने मार डाला।”
अमेरिकी व्हाइट हाउस के बाहर प्रदर्शन
ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत के बाद अमेरिका के व्हाइट हाउस के बाहर और न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर सहित, युद्ध-विरोधी प्रदर्शनकारी इकट्ठा हुए और क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप का विरोध किया। एक प्रदर्शनकारी सू जॉनसन ने कहा, “इसे कांग्रेस द्वारा मंजूरी नहीं दी गई थी, इसलिए ट्रंप जो कर रहे हैं वह फांसीवाद है।”
ईरान के पड़ोसी देश इराक में प्रदर्शन
ईरान के पड़ोसी देश इराक की राजधानी बगदाद में लोगों ने इजरायल और अमेरिका की कार्रवाई के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी अपने हाथ में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई, पूर्व हिज्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह और दिवंगत ईरानी जनरल कासिम सुलेमानी के पोस्टर लिए दिखाई दिए।
भारत के श्रीनगर और लद्दाख में प्रदर्शन
खामेनेई की मौत का विरोध भारत के जम्मू और कश्मीर के अलावा लद्दाख में देखने को मिला है। रविवार को जम्मू-कश्मीर के रामबन व लाल चौक में शिया मुसलमानों ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया। गौरतलब है, खामेनेई की मौत इजरायली और अमेरिकी हमलों के चलते हुई है। वहीं, उत्तर प्रदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ ने ऐसे प्रदर्शनों पर राज्य में निर्देश जारी किए हैं। उत्तर प्रदेश को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है। लखनऊ सहित कई जिलों में प्रदर्शनों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

