होम = Cover Story Featured = केंद्र सरकार के यूनियन बजट पर विपक्ष का प्रहार, जानें किस दल के नेता ने क्या कुछ कहा

केंद्र सरकार के यूनियन बजट पर विपक्ष का प्रहार, जानें किस दल के नेता ने क्या कुछ कहा

Opposition reaction on Budget 2026: कई विपक्षी नेताओं ने बजट को लेकर सरकार की आलोचना की है और कहा है कि बजट में मध्यम वर्ग और देश के युवाओं के लिए कुछ नहीं है। संसद के बाहर मीडिया से बातचीत में कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि बजट में बेरोजगारी की समस्या और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा नहीं की गई है। आइये जानते हैं, सपा, आरजेडी, कांग्रेस, शिवसेना उद्धव और टीएमसी समेत अन्य पार्टी के नेताओं ने बजट को लेकर कैसी प्रतिक्रियाएं दी।

खरगे बोले- बजट में महंगाई कंट्रोल पर कोई एक्शन नहीं

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा, ”मोदी सरकार ने महंगाई को कंट्रोल करने के लिए कोई समाधान, सकारात्मक सुझाव या ठोस कदम पेश नहीं किए हैं। इकोनॉमिक सर्वे से पता चलता है कि व्यापार में अनिश्चितता भारत के लिए एक बड़ी चुनौती है, फिर भी बजट में इस समस्या को मुश्किल से ही माना गया है। इसी तरह, रुपये की गिरती कीमत को रोकने के लिए उनके पास कोई प्लान नहीं है…”

सपा चीफ अखिलेश ने नए बजट को बताया गरीबों से दूर

केंद्रीय बजट पर समाजवादी पार्टी के सांसद अखिलेश यादव ने कहा, “यह बजट गरीबों और गांवों में रहने वालों की समझ से परे है। इस बजट में न तो नौकरी दी गई है और न ही रोजगार के अवसर। भाजपा का बजट देश की केवल 5% आबादी के लिए है।

आरजेडी नेता मनोज झा ने कहा- बजट में शब्दों की सजावट

आज बजट एक बार फिर देश की विशाल आबादी को प्रभावित करने वाले दो सबसे गंभीर मुद्दों को संबोधित करने में विफल रहा है—तेज़ी से बढ़ती ‘आय की असमानता’ और ‘भयावह बेरोज़गारी’। इन संरचनात्मक संकटों से जूझने के बजाय बजट ने सतही उपायों और भारी-भरकम शब्दावली का सहारा लिया है। शब्दों की यह सजावट एकाध दिन की सुर्ख़ियाँ तो बना सकती है, लेकिन आम लोगों की आर्थिक वास्तविकताओं/चिंताओं में कोई बदलाव नहीं ला सकती।

शिवसेना (उद्धव) पार्टी की नेता प्रियंका का बजट पर तंज

बजट पर शिवसेना उद्धव गुट की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि निर्मला सीतारमण जी को बहुत बधाई यह उनका नौवां बजट है। उनका चुनावी राज्यों से बढ़कर देश के हित में बजट जारी करना चाहिए। देश की इकोनॉमी की दिशा उनके हाथ में है। उनको बस तमिलनाडु की साड़ी पहन कर चुनावी बजट नहीं जारी करना चाहिए बल्कि देश के लिए बजट जारी करना चाहिए।

राहुल गांधी ने बजट को लेकर x पर किया पोस्ट

  • युवा बेरोजगार।
  • विनिर्माण क्षेत्र में गिरावट।
  • निवेशक पूंजी निकाल रहे हैं।
  • घरेलू बचत में भारी कमी।
  • किसान संकट में।
  • मंडराते वैश्विक संकटों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

एक ऐसा बजट जो सुधार करने से इनकार करता है, भारत के वास्तविक संकटों से बेखबर है।

TMC सांसद अभिषेक ने कहा- बजट में पश्चिम बंगाल का जिक्र नहीं

टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा, “आप सभी सदन में मौजूद थे और केंद्रीय वित्त मंत्री ने 1 घंटे 25 मिनट तक भाषण दिया। इस पूरे समय में पश्चिम बंगाल का ज़िक्र तक नहीं हुआ। इस बजट में युवाओं, किसानों या रोज़गार का भी कोई ज़िक्र नहीं है… यह बजट बेजान, आधारहीन और दूरदृष्टिहीन है।

सपा सांसद डिंपल ने बताया बजट में नहीं है कुछ खास

समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने केंद्रीय बजट 2026-27 पर टिप्पणी करते हुए कहा, “बजट में कुछ खास नहीं है। पहले पूरा परिवार एक साथ बैठकर बजट देखता था, लेकिन इस बजट में महिलाओं और युवाओं के लिए कुछ भी नहीं है।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कुछ खास नहीं होगा

बजट से ठीक पहले कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि बजट से उन्हें कोई खास उम्मीद नहीं है।

ये भी पढ़ें: Budget 2026 : इनकम टैक्स में बड़े बदलाव, 1 अप्रैल से लागू होगा नया एक्ट