Jaisalmer bus accident : राजस्थान के जैसलमेर में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर दोपहर करीब 3:30 बजे एक चलती एसी स्लीपर बस में अचानक आग लग गई।
इस हादसे में एक ही परिवार के 5 सदस्यों समेत 20 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा लोग झुलस गए। घटना के समय बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। कई शव बस की बॉडी से चिपक गए, जबकि कुछ लोगों की पहचान करना मुश्किल हो गया। मृतकों के सभी 19 शव जैसलमेर से जोधपुर भिजवाए गए हैं। कलेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान के लिए उनके दो निकटतम परिजनों के DNA सैंपल लिए जा रहे हैं।
एम्बुलेंस सेवा की खराब हालत पर नाराजगी
हादसे के घायलों को ग्रीन कॉरिडोर के जरिए जोधपुर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन परिवहन व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। घायलों के परिजनों ने बताया कि एम्बुलेंस की हालत बेहद खराब थी। घायलों को एम्बुलेंस में लाने के बाद पहले डीजल भरा गया और फिर ओटीपी का इंतजार किया गया। गति धीमी होने और लाइट न होने के कारण परिजनों को अपनी कार की टेल लाइट से रास्ता दिखाना पड़ा। परिजन मांग कर रहे हैं कि भविष्य में ऐसी लापरवाहियों से बचने के लिए एम्बुलेंस सेवाओं की गुणवत्ता सुधारी जाए।
हादसे की वजह पर संशय, धमाके की आशंका
हादसे के कारणों को लेकर कई दावे सामने आ चुके हैं। शुरुआती रिपोर्ट में शॉर्ट सर्किट या बस के एसी कम्प्रेशर फटने को कारण बताया गया। वहीं स्थानीय लोगों का दावा है कि बस की डिक्की में पटाखे रखे हुए थे, जिससे धमाका और आग फैल गई।
ग्रीन कॉरिडोर के जरिए घायल जोधपुर लाए गए
हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 16 लोगों को ग्रीन कॉरिडोर के जरिए जोधपुर अस्पताल भेजा गया। लगभग 275 किलोमीटर लंबा यह मार्ग सेना, पुलिस और प्रशासन की मदद से तैयार किया गया। इस दौरान एक बुजुर्ग की रास्ते में ही मौत हो गई।
प्री-वेडिंग शूट से लौट रहे थे मंगेतर
हादसे में घायल युवक आशीष दवे अपनी मंगेतर के साथ जैसलमेर प्री-वेडिंग शूट से लौट रहे थे। उनकी 11 नवंबर को शादी होनी थी। दोनों बस के आगे बैठे होने की वजह से समय रहते बाहर निकल पाए, लेकिन आशीष की आंखों की रोशनी प्रभावित हुई।
प्रधानमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे के बाद मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। पीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा कि “जैसलमेर हादसे से मन व्यथित है।”

