Mehul Choksi Extradition : पंजाब नेशनल बैंक (PNB) लोन धोखाधड़ी मामले के मुख्य आरोपी और भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण को लेकर भारत सरकार ने बेल्जियम को आश्वस्त किया है। गृह मंत्रालय (MHA) ने बेल्जियम के न्याय मंत्रालय को पत्र लिखकर बताया है कि चोकसी को भारत लाए जाने पर जेल में उसे आवश्यक सुविधाएं दी जाएंगी।
बता दें कि यह कदम चोकसी के वकीलों द्वारा उठाई गई मानवाधिकार और स्वास्थ्य से जुड़ी चिंताओं के जवाब में उठाया गया है। बेल्जियम के न्याय मंत्रालय को लिखे पत्र में साफ-साफ बताया गया है कि मुंबई की आर्थर रोड जेल में चोकसी को क्या-क्या मिलेगा:
- उन्हें जेल के बैरक नंबर 12 में रखा जाएगा।
- उन्हें कम से कम 3 वर्ग मीटर की जगह मिलेगी, जिसमें फर्नीचर शामिल नहीं है।
- साफ-सुथरा गद्दा, तकिया, चादर और कंबल दिया जाएगा। मेडिकल कारणों पर पलंग की भी व्यवस्था की जा सकती है।
- पर्याप्त रोशनी, हवा और सामान रखने की जगह मिलेगी।
- उन्हें हर दिन पीने के लिए साफ पानी और 24 घंटे मेडिकल सुविधा मिलेगी।
- उन्हें हर दिन पर्याप्त खाने और टॉयलेट-बाथिंग की सुविधा भी मिलेगी।
- उन्हें हर दिन तय समय के लिए कसरत और मनोरंजन के लिए अपनी सेल से बाहर जाने दिया जाएगा।
भारत ने बेल्जियम को भरोसा दिलाया है कि चोकसी को मुंबई की आर्थर रोड जेल में ह्यूमन राइट्स के मुताबिक रखा जाएगा।
बता दें कि मेहुल चोकसी और उनके भतीजे नीरव मोदी पर पीएनबी में 13,500 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण घोटाले का आरोप है. इस घोटाले में दोनों ने कथित तौर पर मुंबई के ब्रैडी हाउस ब्रांच के कुछ बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर फर्जी लेटर ऑफ अंडरटेकिंग (LOU) के जरिए धोखाधड़ी की थी. चोकसी पर इसके अलावा कई अन्य बैंकों के साथ धोखाधड़ी के मामलों में भी जांच चल रही है.
ये भी पढ़े : योगी सरकार विश्वविद्यालयों और कॉलेजों पर करेगी सख्त कार्रवाई, हर जिले में बनेगी “स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम”

