Clash in Gujarat’s Sabarkantha : गुजरात के साबरकांठा जिले के माजरा गांव में शनिवार रात दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आगजनी, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ शुरू हो गई। इस घटना में 10 लोग घायल हुए हैं।
कई वाहन और घरों को किया गया नुकसान
पुलिस के अनुसार, 20 से अधिक दोपहिया वाहन और 10 से अधिक चारपहिया वाहन आग के हवाले कर दिए गए। कई घरों की खिड़कियां और दरवाजे तोड़ दिए गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 20 लोगों को हिरासत में लिया है।
110 से अधिक लोगों पर मामला दर्ज
साबरकांठा के पुलिस अधिकारी अतुल पटेल ने बताया कि घटना के बाद 110-120 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि बीती रात करीब 10:30 बजे गांव में आगजनी और पथराव की घटना हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और हालात काबू में किए।
तनाव के बीच भारी पुलिस बल तैनात
पुलिस ने बताया कि दोनों गुटों के बीच लंबे समय से आपसी तनाव चल रहा था, जो शनिवार रात हिंसा में बदल गया। वर्तमान में इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

