होम = Others = Noida Airport : जेवर एयरपोर्ट से सीधे जुड़ेंगे ग्रेटर नोएडा वेस्ट और गाजियाबाद, इस परियोजना से मिलेगी कनेक्टिविटी

Noida Airport : जेवर एयरपोर्ट से सीधे जुड़ेंगे ग्रेटर नोएडा वेस्ट और गाजियाबाद, इस परियोजना से मिलेगी कनेक्टिविटी

by | Jul 22, 2025 | Others

Noida International Airport : ग्रेटर नोएडा वेस्ट वालों के लिए काम की खबर है। जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport)  को अब ग्रेटर नोएडा वेस्ट और गाजियाबाद से जोड़ा जाएगा। जिससे यहां के लोगों के लिए एयरपोर्ट तक आना-जाना काफी आसान होने वाला है। इसके लिए प्रमुख 130 मीटर चौड़ी सड़क को यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 120 मीटर चौड़ी सड़क से जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिसके बाद तीन किलोमीटर की सड़क बनने जा रही है जो गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा को जोड़ेगी।

इसको लेकर यमुना प्राधिकरण की बातचीत अभी बाकी है। दोनों रास्तों के जुड़ने से जेवर एयरपोर्ट के साथ यमुना प्राधिकरण के आवासीय और औद्योगिक सेक्टरों के भी पहुंचना आसान हो जाएगा। आपको बता दें कि एसीईओ सुमित यादव ने सोमवार को विभाग की टीम के साथ ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर चौड़ी सड़क का जायजा लिया।

ऐसी आसानी से एयरपोर्ट पहुंचेंगे

इस वक्त ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव तक बनी इस सड़क का विस्तार करते हुए यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 120 मीटर चौड़ी सड़क तक बनाने के निर्देश दिए। इसके बनने से गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और ग्रेटर नोएडा के लोग नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक आसानी से पहुंच सकेंगे। अधिकारी के मुताबिक, इसके लिए सिंचाई विभाग से बातचीत कर निर्णय लिया जाएगा।

एयरपोर्ट तक बनेगी चौड़ी सड़क

जानकारी के लिए आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति चौक से सिरसा तक बनी 130 मीटर चौड़ी सड़क से रोजाना कई लोग सफर करते हैं। जैस ही नोएडा एयरपोर्ट बनेगा इस रास्ते पर यकीनन वाहनों का दबाव और बढ़ जाएगा। इसे ध्यान में रखते हुए चौड़ीकरण का काम भी चल रहा है। गोलचक्करों को छोटा करने पर भी विचार किया जा रहा है। वहीं, 130 मीटर चौड़ी सड़क को यमुना प्राधिकरण क्षेत्र की 120 मीटर चौड़ी सड़क से जोड़ा जाएगा, ताकि लोग एयरपोर्ट तक पहुंच सकें।

सिरसा गांव के पास एक परियोजना लाएगी रफ्तार

ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे को पार करने के लिए अंडरपास बनाने की बात भी सामने आई है। प्राधिकरण सलाहकार की मदद से इस परियोजना पर जल्द काम शुरू करेगा। इसके साथ ही औद्योगिक सेक्टर ईकोटेक- 9, 10 और 11 को जोड़ने के लिए घंघोला के पास गोल चक्कर बनाने पर भी विचार किया जा रहा है। प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने इन जगहों का जाकर जायजा भी ले लिया है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लोग मेट्रो का ही अभी वेट कर रहे हैं। ऐसे में एयरपोर्ट से सीधे कनेक्टिविटी मिलने से उनको काफी आसानी होगी।

ये भी पढें : UP News : उत्तर प्रदेश में बड़ा आतंकी प्लान नाकाम, लोन वुल्फ अटैक की साजिश को पुलिस ने किया बेनकाब