UP News: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में शुक्रवार की देर रात एक ऐसा दिल दहला देने वाला हादसा हुआ जिसने हर किसी को सन्न कर दिया। हरियाणा के सोनीपत जिले के चार दोस्त मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे थे, लेकिन उनकी मंज़िल तक पहुंचने से पहले ही मौत ने रास्ते में उन्हें रोक लिया। बनटीखेड़ा पुल के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में इतनी जोरदार टकराई कि पल भर में चारों की जान चली गई।
कैसे हुआ हादसा
यह हादसा पानीपत–खटीमा हाइवे पर रात करीब 11 बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान विवेक (26), प्रदीप (30), आशीष (28) और साहिल (25) के रूप में हुई है। चारों युवक सोनीपत जिले के रहने वाले थे और किसी निजी काम से मुजफ्फरनगर जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन कार की हालत देखकर सभी के रोंगटे खड़े हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और उसमें सवार किसी को भी बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
सड़क पर धुंध और रोशनी की कमी
स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और क्रेन की मदद से कार को हटवाया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। एडिशनल एसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हादसे के वक्त सड़क पर धुंध और रोशनी की कमी थी। संभवतः चालक को सड़क किनारे खड़ा ट्रक समय रहते दिखाई नहीं दिया, जिसके चलते यह दर्दनाक टक्कर हुई।
सभी की थमी सांसें
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुर्घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन जब तक कार के दरवाजे काटकर शव निकाले गए, तब तक सभी की सांसें थम चुकी थीं। इस हादसे के बाद सोनीपत के इन चारों दोस्तों के घरों में मातम पसर गया है। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें: SIR पर मचा सियासी बवाल: 12 राज्यों में कल से मतदाता सूची पुनरीक्षण, विपक्ष ने जताया विरोध

