Former CM Mayawati news: उत्तर प्रदेश की पूर्व सीएम और बीएसपी प्रमुख मायावती ने केंद्र सरकार से फ़िल्म ‘घूसखोर पंडत’ पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने X पर पोस्ट किया, “यह बड़े दुख व चिन्ता की बात है कि पिछले कुछ समय से अकेले यूपी में ही नहीं बल्कि अब तो फ़िल्मों में भी ‘पंडित’ को घुसपैठिया बताकर पूरे देश में जो इनका अपमान व अनादर किया जा रहा है।”
मायावती ने लिखा कि इससे ब्राह्मण समाज में इस समय ‘ज़बरदस्त रोष’ है और इसकी उनकी पार्टी भी ‘कड़े शब्दों में निंदा’ करती है। उन्होंने लिखा, “ऐसी इस जातिसूचक फ़िल्म पर केंद्र सरकार को तुरंत प्रतिबन्ध लगाना चाहिए।” ‘घूसखोर पंडत’ के डायरेक्टर और टीम के ख़िलाफ़ लखनऊ के हजरतगंज पुलिस स्टेशन में एफ़आईआर भी दर्ज की गई है। वहीं फ़िल्म मेकर नीरज पांडे ने एक बयान जारी कर कहा है कि फ़िल्म किसी जाति, धर्म या समुदाय पर कोई टिप्पणी नहीं करती, यह एक फ़िक्शनल कॉप ड्रामा है। हालांकि, उन्होंने फ़िलहाल इसके सभी प्रमोशनल मटेरियल हटाने का फ़ैसला किया है।
वेब सीरीज के खिलाफ ब्राह्मण समाज का प्रदर्शन
बता दें कि ‘घूसखोर पंडत’ वेब सीरीज के खिलाफ यूपी के कई जिलों में ब्राह्मण समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया है। प्रदर्शनकारियों ने वेब सीरीज पर बैन लगाने की मांग की है। साथ ही इसके निदेशक और कलाकारों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें: मायावती की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शॉर्ट सर्किट, प्रेस कॉन्फ्रेंस छोड़ निकलीं

