होम = Others = Encounter in Greater Noida : एटीएम में Feviquick लगाकर ठगी करने वाला बदमाश गोली लगने से घायल

Encounter in Greater Noida : एटीएम में Feviquick लगाकर ठगी करने वाला बदमाश गोली लगने से घायल

by | Aug 23, 2025 | Others

Noida Police Encounter : ग्रेटर नोएडा पुलिस ने एटीएम कार्ड फंसाकर ठगी करने वाले एक शातिर बदमाश को शुक्रवार देर शाम मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सन्नी उर्फ नितेश बाबू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से औरैया जिले के लहरापुर गांव का रहने वाला है और फिलहाल नोएडा के ममूरा में रह रहा था। मुठभेड़ में गोली लगने से वह घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कैसे हुआ मुठभेड़

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि शुक्रवार शाम को ईकोटेक-3 थाना पुलिस टीम यामाहा कट के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। भागते समय उसकी बाइक कच्ची सड़क पर फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

आरोपी का ठगी का तरीका

पुलिस जांच में सामने आया कि सन्नी और उसके साथी एटीएम में ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। उनका तरीका बेहद शातिराना था। आरोपी एटीएम मशीन के कार्ड स्लॉट में फेवीक्विक या गोंद लगा देता था, जिससे ग्राहकों का कार्ड मशीन में फंस जाता था। उसी वक्त उसके साथी सुमित और संजय मौके पर पहुंचकर “मददगार” बनने का नाटक करते थे।वे पीड़ित को झांसे में लेकर हेल्पलाइन नंबर के नाम पर असल में सन्नी का मोबाइल नंबर दे देते थे। इसके बाद सन्नी खुद को बैंक अधिकारी बनाकर कॉल करता और ग्राहक से एटीएम पिन पूछ लेता था। पिन मिलते ही वह खाते से पैसे निकाल लेता था, जबकि पीड़ित को यह यकीन दिलाया जाता था कि उसका कार्ड बैंक जाकर ही निकलेगा।

क्या मिला आरोपी से

पुलिस (Noida Police Encounter) ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, जिंदा कारतूस, तीन अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड और एक बाइक बरामद की है। पुलिस अब उसके फरार साथियों की तलाश कर रही है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर एटीएम मशीन में कार्ड फंस जाए, तो किसी अनजान व्यक्ति की मदद लेने की बजाय तुरंत बैंक की आधिकारिक हेल्पलाइन पर संपर्क करें। किसी को भी अपना पिन साझा न करें।

Tags : noida news

बंगाल