होम = Others = AI वार पर चुनाव आयोग सख्त, गलत सूचना और निजी हमलों पर होगी कार्रवाई

AI वार पर चुनाव आयोग सख्त, गलत सूचना और निजी हमलों पर होगी कार्रवाई

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के बीच राजनीतिक दलों के बीच चल रही AI वार अब चुनाव आयोग के निशाने पर आ गई है। आयोग ने इसे गंभीरता से लेते हुए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि 6 अक्टूबर से लागू आदर्श आचार संहिता (MCC) के नियम अब सोशल मीडिया और इंटरनेट पर साझा की जा रही सामग्रियों पर भी पूरी तरह लागू होंगे।

निजी जीवन पर टिप्पणी से बचने की सलाह

निर्वाचन आयोग ने सभी दलों और उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे विपक्षी दलों या नेताओं की आलोचना केवल उनकी नीतियों, कार्यक्रमों और कामकाज तक ही सीमित रखें। किसी भी उम्मीदवार या नेता के निजी जीवन से जुड़ी बातों पर टिप्पणी करना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना जाएगा। साथ ही, असत्यापित आरोपों या झूठे तथ्यों के आधार पर आलोचना करने से भी बचने को कहा गया है।

AI और डीपफेक वीडियो पर रोक

चुनाव आयोग ने खास तौर पर एआई आधारित तकनीक और डीपफेक वीडियो के दुरुपयोग को लेकर चिंता जताई है। आयोग ने कहा है कि किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार को ऐसे उपकरणों का उपयोग गलत सूचना या भ्रामक प्रचार फैलाने के लिए नहीं करना चाहिए।

आयोग ने यह भी निर्देश दिया है कि सोशल मीडिया या इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर अगर कोई राजनीतिक दल कृत्रिम या डिजिटल रूप से तैयार की गई सामग्री साझा करता है, तो उसे स्पष्ट रूप से “कृत्रिम”, “डिजिटल रूप से संवर्धित” या “कृत्रिम सामग्री” जैसे शब्दों से चिह्नित करना अनिवार्य होगा, ताकि जनता भ्रमित न हो।

निगरानी और कार्रवाई की तैयारी

आयोग ने कहा है कि चुनावी माहौल को स्वच्छ और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया पर की जा रही सभी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की किसी भी शिकायत या सबूत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

इस सख्त रुख से साफ है कि निर्वाचन आयोग इस बार एआई और डिजिटल प्रचार के जरिए फैल रही गलत सूचनाओं पर लगाम लगाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

बंगाल