Priya Malik : टीवी अभिनेत्री प्रिया मलिक दिवाली की रात एक भयावह हादसे का शिकार हो गई थी। खुशियों के इस त्योहार पर जश्न मना रहीं प्रिया अचानक आग की लपटों में घिर गई। हालांकि, उनके पिता की समय पर दिखाई गई समझदारी से एक बड़ा हादसा टल गया और प्रिया की जान बच गई।
फोटोज क्लिक कराते वक्त हुआ हादसा
प्रिया ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए इस हादसे की पूरी कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि दिवाली की रात वह अपने पड़ोसियों के साथ तस्वीरें खिंचवा रही थीं। इसी दौरान वह एक जलते हुए दीये के पास खड़ी थीं और अचानक उनके कपड़ों में आग लग गई। कुछ ही सेकंड में आग उनके पूरे आउटफिट, पीठ, कंधों और बालों तक फैल गई।
प्रिया मलिक ने कहा, पूरी पीठ जलती महसूस हुई
प्रिया ने पोस्ट में लिखा, “मैंने जैसे ही दाहिने कंधे से आग की लपटें उठती देखीं, मुझे महसूस हुआ कि मेरी पूरी पीठ आग में जल रही है। वह पल बेहद डरावना था।” उन्होंने बताया कि अगर उनके पिता ने तुरंत जलते कपड़े नहीं फाड़े होते, तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था।

पिता बने असली हीरो
प्रिया ने बताया कि उनके पिता ने बिना एक पल गंवाए उन्हें आग की चपेट से बाहर निकाला। उन्होंने लिखा, “मेरे पिताजी उस रात के सच्चे हीरो हैं। उनकी सूझबूझ और तेज़ी से मैं बाल-बाल बच गई।”
हादसे से हिल गया परिवार
इस दर्दनाक घटना के बाद प्रिया और उनका परिवार गहरे सदमे में हैं। एक्टर ने कहा, “यह घटना मेरे लिए बहुत बड़ा सबक है कि एक छोटी सी लापरवाही कितनी बड़ी दुर्घटना में बदल सकती है।”
ये भी पढ़े – Priyanka Chopra : प्रियंका ने विदेश में मनाई पारंपरिक दिवाली, बेटी मालती संग की लक्ष्मी पूजा
मामूली रूप से घायल लेकिन सुरक्षित
प्रिया ने बताया कि अब वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। उनके कंधे, पीठ और उंगलियों पर हल्की जलन है, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी है। उन्होंने फैंस से अपील की कि त्योहारों में दीयों और पटाखों के पास सावधानी बरतें ताकि कोई अनहोनी न हो।

