होम = Cover Story Featured = केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ा तोहफा: 2% बढ़ा DA, कैबिनेट ने लगाई मुहर; जानिए कितनी बढ़ेगी सैलरी

केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ा तोहफा: 2% बढ़ा DA, कैबिनेट ने लगाई मुहर; जानिए कितनी बढ़ेगी सैलरी

by | Apr 18, 2026 | Cover Story Featured, Others

DA Hike Update: केंद्र सरकार ने लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में 2 फीसदी की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद केंद्रीय कर्मचारियों का डीए 58% से बढ़कर 60% हो गया है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिए गए इस निर्णय का फायदा करीब 50 लाख कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनभोगियों को मिलेगा। पेंशनर्स के लिए इसे महंगाई राहत (DR) कहा जाता है और यह बढ़ोतरी ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स के पिछले 12 महीनों के औसत आंकड़ों के आधार पर तय की गई है।

वैश्विक अर्थव्यवस्था पर बढ़ते दबाव के चलते डीए एलान में हुई देरी

आमतौर पर सरकार होली के आसपास डीए बढ़ोतरी का ऐलान कर देती है, लेकिन इस बार हुई देरी ने कर्मचारियों के बीच बेचैनी बढ़ा दी थी। साल 2016 में 7वां केंद्रीय वेतन आयोग लागू होने के बाद यह पहली बार है जब डीए के ऐलान में इतना समय लगा। जानकारों के मुताबिक, इसके पीछे दो मुख्य कारण हो सकते हैं—पहला, सरकार द्वारा 8वे वेतन आयोग के गठन की तैयारी और ट्रांजिशन प्रक्रिया, और दूसरा पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था पर बढ़ता वित्तीय दबाव। हालांकि, अब इस फैसले के बाद कर्मचारियों की सभी आशंकाएं काफी हद तक दूर हो गई हैं।

कितनी बढ़ेगी सैलरी?

डीए में 2 फीसदी की यह बढ़ोतरी कर्मचारियों की इनहैंड सैलरी में सीधा इजाफा करेगी। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 36,500 रुपये है, तो 58% के हिसाब से उसे 21,170 रुपये डीए मिल रहा था, जो अब 60% होने पर बढ़कर 21,900 रुपये हो जाएगा। यानी हर महीने सैलरी में 730 रुपये की बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही जनवरी 2026 से लागू एरियर का भी भुगतान किया जाएगा। इसी तरह, यदि किसी पेंशनभोगी की बेसिक पेंशन 9,000 रुपये है, तो पहले उन्हें 5,220 रुपये महंगाई राहत (DR) मिलती थी, जो अब 60% के हिसाब से बढ़कर 5,400 रुपये हो जाएगी। यानी पेंशन में हर महीने 180 रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा।