PM Modi Malaysia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर मलेशिया पहुंचे हैं। यात्रा से पहले पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत-मलेशिया संबंध अब और मजबूत होंगे और दोनों देश रक्षा, सुरक्षा, व्यापार और नवाचार के क्षेत्रों में सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने पर जोर देंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक तौर पर घनिष्ठ संबंध रहे हैं और पिछले कुछ वर्षों में इन रिश्तों में लगातार मजबूती आई है।
रवाना होने का वीडियो हुआ वायरल
पीएम मोदी के मलेशिया रवाना होने का वीडियो सामने आया है। इसमें वह पारंपरिक सफेद कुर्ता और शॉल में नजर आए। यात्रा से पहले मोदी अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए दिखाई दिए।
मलेशिया में भव्य स्वागत की तैयारी
मलेशिया में भारतीय समुदाय में पीएम मोदी के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है। कुआलालंपुर में ‘वेलकम मोदी जी’ नामक सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में 750 से ज्यादा कलाकार मंच पर उतरेंगे और सामूहिक नृत्य प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों का दावा है कि यह प्रस्तुति मलेशियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो सकती है, और रिकॉर्ड टीम भी मौके पर मौजूद रहेगी।
वहीं पीएम मोदी ने मलेशिया में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि यहां भारतीय फिल्में और तमिल गाने बेहद पसंद किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि मलेशिया के 500 से अधिक स्कूलों में भारतीय भाषाओं की पढ़ाई होती है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया की सांस्कृतिक कनेक्टिविटी बहुत पुरानी है और तमिल संस्कृति विश्व स्तर पर पहचान रखती है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि भारत के कई प्रमुख नेता जैसे उपराष्ट्रपति डॉ. सीपी राधाकृष्णन, विदेश मंत्री एस जयशंकर और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण तमिलनाडु से आते हैं।
भारत-मलेशिया संबंध नई ऊंचाई पर
पीएम मोदी ने भारत और मलेशिया के बीच संबंधों को नई ऊंचाई पर बताते हुए कहा कि पिछले साल मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के नई दिल्ली दौरे ने दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत किया। उन्होंने कहा, “भारत की सफलता ही मलेशिया की सफलता है। दोनों देश एक-दूसरे की उपलब्धियों का जश्न मना रहे हैं।” पीएम मोदी ने यह भी जोड़ा कि भारत-मलेशिया की प्रगति पूरे एशिया के लिए महत्वपूर्ण है।
यूपीआई मलेशिया में जल्द
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत का यूपीआई मलेशिया में जल्द ही शुरू होने वाला है। उन्होंने भारत की आर्थिक प्रगति और तकनीकी उन्नति पर भी प्रकाश डाला, जैसे एयरपोर्ट और वंदे भारत ट्रेनों का विकास। पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है और डिजिटल नेटवर्क के मामले में दुनिया का सबसे बड़ा इकोसिस्टम तैयार कर रहा है।
भारत ने कई देशों से किए बड़े व्यापार समझौते
पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने हाल के समय में यूएई, ओमान, न्यूजीलैंड, यूरोपीय संघ और अमेरिका जैसे देशों के साथ बड़े व्यापारिक समझौते किए हैं। उन्होंने भारतीय समुदाय से कहा कि भारत में भरोसा सबसे बड़ी पूंजी है और अप्रवासी भारतीय देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मलेशिया में नया कांसुलेट और मोबाइल मैन्यूफैक्चरिंग हब
पीएम मोदी ने घोषणा की कि मलेशिया में नया भारतीय कांसुलेट खोला जाएगा, जिससे अप्रवासी भारतीयों की सुविधा बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैन्यूफैक्चरिंग हब बन चुका है और भविष्य में और अधिक निवेश और व्यापारिक अवसर खुलेंगे।
ये भी पढ़ें: India-US Trade Deal: भारत-अमेरिका व्यापार रिश्तों में बड़ी राहत, भारतीय उत्पादों पर 25% अतिरिक्त टैरिफ हटाया गया

