होम = News Top = UN से अलग नई वैश्विक ताकत? ट्रंप ने लॉन्च किया ‘बोर्ड ऑफ पीस’, दुनिया में मचा हलचल

UN से अलग नई वैश्विक ताकत? ट्रंप ने लॉन्च किया ‘बोर्ड ऑफ पीस’, दुनिया में मचा हलचल

UN Global Peace Board: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वैश्विक राजनीति में बड़ा दांव चलते हुए ‘बोर्ड ऑफ पीस’ नामक नए अंतरराष्ट्रीय मंच की औपचारिक घोषणा कर दी है। इस मंच को दुनिया भर में बढ़ते युद्ध और संघर्षों को रोकने की दिशा में एक निर्णायक पहल बताया जा रहा है। ट्रंप ने दावा किया कि इस नए निकाय से जुड़ने को लेकर कई देश उत्साहित हैं और इसे लेकर वैश्विक स्तर पर सकारात्मक माहौल बना है।

मिलकर करेंगे काम

हालांकि, इस घोषणा के बाद यह चर्चा भी तेज हो गई कि क्या यह मंच संयुक्त राष्ट्र (UN) का विकल्प बनने जा रहा है। इस पर ट्रंप ने साफ कहा कि बोर्ड ऑफ पीस UN की जगह नहीं लेगा, बल्कि उसके साथ मिलकर काम करेगा। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र में अपार संभावनाएं हैं, लेकिन वह कई बार उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया। नया बोर्ड इसी कमी को पूरा करने की कोशिश करेगा।

आठ संभावित युद्ध रोके

ट्रंप ने अपने संबोधन में भारत-पाकिस्तान तनाव का जिक्र करते हुए दावा किया कि हाल के महीनों में आठ संभावित युद्ध रोके गए हैं। उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध को सबसे कठिन संघर्ष बताया और कहा कि इसमें हर महीने हजारों सैनिकों की जान जा रही है, जो मानवता के लिए भयावह है। उन्होंने गाजा संघर्ष पर भी बयान देते हुए कहा कि युद्ध लगभग समाप्ति की ओर है, लेकिन कुछ चिंगारियां अब भी बाकी हैं। ट्रंप ने हमास से हथियार डालने की चेतावनी दी और अंतिम बंधक का शव लौटाने की मांग की।

अमेरिका समेत 20 से ज्यादा देश

बोर्ड ऑफ पीस में अमेरिका समेत 20 से ज्यादा देश शामिल हैं, जिनमें पाकिस्तान, सऊदी अरब, कतर, यूएई, मिस्र, तुर्किये और इंडोनेशिया जैसे अहम देश भी हैं। ट्रंप ने कहा कि यह बोर्ड दुनिया को एक सुरक्षित भविष्य देने के लिए यूएन के साथ मिलकर काम करेगा और दशकों से चले आ रहे संघर्षों को खत्म करने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएगा।

ये भी पढ़ें: BMC मेयर पर लॉटरी का फैसला, मुंबई को मिलेगी महिला मेयर, सियासी गणित बदला!