Shinde chopper emergency return: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे का हेलीकॉप्टर गुरुवार को कल्याण के पास खराब मौसम और तेज आंधी-तूफान के बीच फंस गया। हालांकि, पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को सुरक्षित रूप से वापस मुंबई के जुहू एयरपोर्ट पर लैंड करा लिया। हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, एकनाथ शिंदे मुंबई के महालक्ष्मी एयरपोर्ट से मुरबाड में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में मौसम अचानक बिगड़ने के बाद पायलट ने एहतियातन हेलीकॉप्टर को वापस मोड़ने का फैसला लिया। हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग के बाद प्रशासन और समर्थकों ने राहत की सांस ली। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 28 जनवरी 2026 को राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान हादसे में मौत हो चुकी है।
अजित पवार का प्लेन हुआ था क्रैश
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख नेता अजित पवार का 28 जनवरी 2026 को एक भीषण विमान हादसे में निधन हो गया था। बताया गया कि उस समय वह जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के सिलसिले में मुंबई से बारामती जा रहे थे, जहां उन्हें एक जनसभा को संबोधित करना था। लेकिन बारामती के पास लैंडिंग के दौरान उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अजित पवार समेत विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई थी, जिससे पूरे महाराष्ट्र की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई थी।

