होम = News Top = EU को NATO चीफ ने कहा, ‘अमेरिका के बिना सुरक्षा संभव नहीं, अगर तुम सोचते हो तो बस सपना देखो’

EU को NATO चीफ ने कहा, ‘अमेरिका के बिना सुरक्षा संभव नहीं, अगर तुम सोचते हो तो बस सपना देखो’

by | Jan 27, 2026 | News Top

NATO Tensions: NATO के महासचिव मार्क रुटे ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यूरोप अमेरिका के बिना अपनी रक्षा नहीं कर सकता। उन्होंने यूरोपीय नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अगर कोई यह सोचता है कि यूरोप या यूरोपीय संघ अकेले अपनी सुरक्षा संभाल सकता है, तो वह केवल सपनों की दुनिया में जी रहा है।

अमेरिका के बिना सुरक्षा असंभव: रुटे

ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ के सांसदों को संबोधित करते हुए रुटे ने कहा, “अगर किसी को लगता है कि यूरोप अमेरिका के बिना खुद को बचा सकता है, तो वह सपना ही देखता रहे। ऐसा मुमकिन नहीं है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि यूरोप और अमेरिका को एक-दूसरे की जरूरत हमेशा रहेगी।

NATO में बढ़ा तनाव

हाल के हफ्तों में NATO के भीतर तनाव देखने को मिला है। इसकी बड़ी वजह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विवादित बयान हैं, जिसमें उन्होंने ग्रीनलैंड को अपने नियंत्रण में लेने और इसे समर्थन देने वाले यूरोपीय देशों पर टैरिफ लगाने की धमकी दी थी। हालांकि बाद में शुरुआती समझौते के बाद यह कदम स्थगित कर दिया गया। इस वार्ता में रुटे की अहम भूमिका बताई जा रही है।

NATO की सुरक्षा गारंटी: आर्टिकल 5

NATO के 32 सदस्य देशों के बीच आर्टिकल 5 लागू है। इसके तहत किसी भी सदस्य देश पर हमला होने पर बाकी सभी देश उसकी रक्षा के लिए बाध्य हैं। यही NATO की सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है।

रक्षा खर्च बढ़ाने पर सहमति, स्पेन अलग

जुलाई में हेग में हुए NATO शिखर सम्मेलन में अमेरिका के दबाव में यूरोपीय देशों और कनाडा ने रक्षा खर्च बढ़ाने पर सहमति जताई। स्पेन को छोड़कर सभी देशों ने अगले 10 वर्षों में रक्षा और सुरक्षा खर्च बढ़ाने का वादा किया।

2035 तक GDP का 5% रक्षा और सुरक्षा पर खर्च

NATO देशों ने तय किया है कि 2035 तक 3.5% GDP सीधे रक्षा पर और 1.5% GDP सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्था पर खर्च होगी। कुल मिलाकर यह GDP का 5% बनेगा।

अकेले चलना है तो 10% खर्च करना होगा: रुटे

मार्क रुटे ने चेतावनी दी कि अगर यूरोप अमेरिका के बिना अपनी रक्षा करना चाहता है, तो 5% GDP पर्याप्त नहीं होगा। उन्होंने कहा, “अगर आप अकेले चलना चाहते हैं, तो 10% खर्च करना होगा। साथ ही अपनी परमाणु क्षमता भी विकसित करनी होगी, जिस पर अरबों डॉलर खर्च होंगे।”

अमेरिका की परमाणु छतरी के बिना यूरोप असुरक्षित

रुटे ने कहा कि अमेरिका की परमाणु सुरक्षा गारंटी के बिना यूरोप सबसे बड़ी सुरक्षा खो देगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अगर अमेरिका नहीं हुआ, तो हमारी आज़ादी की आखिरी गारंटी भी चली जाएगी। फिर… गुड लक।”

ये भी पढ़ें: ईरान पर कभी भी छिड़ सकता है युद्ध, समंदर में अमेरिकी विध्वंसक तैनात; ट्रंप के इशारे पर सैन्य ताकत तैयार

बंगाल