होम = News Latest = PM मोदी का दक्षिण भारत दौरा, केरल में विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात; तमिलनाडु में जनसभा संबोधन

PM मोदी का दक्षिण भारत दौरा, केरल में विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात; तमिलनाडु में जनसभा संबोधन

PM Modi kerala visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को केरल दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वे तिरुअनंतपुरम में नवाचार और उद्यमिता केंद्र की आधारशिला रखेंगे और चुनाव वाले राज्य में चार नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही पीएम मोदी शहरी आजीविका को सशक्त बनाने के प्रयासों के तहत पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड वितरित करेंगे। यह पहल रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे व्यवसायियों के लिए वित्तीय समावेशन का अगला कदम है। प्रधानमंत्री राज्य की राजधानी में एक आधुनिक डाकघर का भी उद्घाटन करेंगे।

चार नई रेल सेवाओं का शुभारंभ

रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने के उद्देश्य से पीएम मोदी चार नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे, जिनमें तीन ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ ट्रेनें शामिल हैं। इससे केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बीच लंबी दूरी और क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा। नई ट्रेन सेवाओं से यात्रियों को अधिक किफायती, सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा सुविधा मिलेगी। साथ ही पर्यटन, व्यापार, शिक्षा, रोजगार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।

पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड वितरण

प्रधानमंत्री मोदी केरल में एक लाख लाभार्थियों, विशेषकर रेहड़ी-पटरी वालों, को पीएम स्वनिधि ऋण वितरित करेंगे। वहीं विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में मोदी तिरुअनंतपुरम में CSIR-NIIST इनोवेशन, टेक्नोलॉजी एंड एंटरप्रेन्योरशिप हब की आधारशिला रखेंगे।

तमिलनाडु में चुनावी रैली का शंखनाद

प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को केरल और तमिलनाडु में जनसभाओं को संबोधित करके भाजपा के चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। उनके दौरे से पहले, भाजपा के वरिष्ठ नेता और तमिलनाडु चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने सहयोगी दलों के साथ बैठकें कीं ताकि एकजुटता का संदेश दिया जा सके। भाजपा ने एएमएमके के महासचिव टीटीवी दिनाकरन और पीएमके के अंबुमणि गुट को अपने साथ जोड़ने में सफलता हासिल की है।

प्रधानमंत्री तिरुवनंतपुरम से चेन्नई हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, इसके बाद हेलीकॉप्टर से मदुरांतकम जाएंगे और सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपराह्न 3 बजे रैली को संबोधित करेंगे। शाम 4:30 बजे हेलीकॉप्टर से लौटकर चेन्नई हवाई अड्डे पहुंचेंगे और करीब शाम 5 बजे राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना होंगे।

केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी तमिलनाडु में राजग के चुनाव अभियान की शुरुआत के मौके पर मदुरांतकम में जनसभा को संबोधित करेंगे।

अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने कहा कि शुक्रवार को मोदी की रैली चुनावी बदलाव का बड़ा मोड़ साबित होगी। इसमें लगभग पांच लाख लोग शामिल होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें: ट्रंप से कनाडा को लगा बड़ा झटका, ‘बोर्ड ऑफ पीस’ से आमंत्रण लिया वापस

बंगाल