Weather Update: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। सिक्किम में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है, जबकि अरुणाचल प्रदेश में 14, 15 और 18 अप्रैल को भारी बारिश के आसार हैं। वहीं, असम और मेघालय में 17 और 18 अप्रैल को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। IMD ने कुल चार राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 15 अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर कई राज्यों में देखने को मिल सकता है।
तापमान में होगी बढ़ोतरी
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, देश के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ने वाला है। उत्तर-पश्चिम भारत में 4 से 6 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि मध्य और पूर्वी भारत में भी 3 से 5 डिग्री तक इजाफा होगा। वहीं गुजरात, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर राज्यों में 2 से 3 डिग्री तक तापमान बढ़ने की संभावना है, हालांकि 16 से 18 अप्रैल के बीच कई क्षेत्रों में तापमान स्थिर रहने के आसार हैं।
दिल्ली में 40 डिग्री तक रहेगा पारा
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने वाला है। मंगलवार तक न्यूनतम तापमान 20-22 डिग्री और बुधवार तक अधिकतम तापमान 38-40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, उत्तर प्रदेश में अगले एक हफ्ते तक मौसम शुष्क रहने के आसार हैं, जिससे लखनऊ समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है। मौसम विभाग ने 4 से 6 डिग्री तक तापमान बढ़ने की चेतावनी दी है।

