Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कनाडा को अपने हाल ही में लॉन्च किए गए ‘बोर्ड ऑफ पीस’ से शामिल होने का आमंत्रण वापस ले लिया। यह बोर्ड वैश्विक संघर्षों और अंतरराष्ट्रीय विवादों को सुलझाने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। ट्रंप ने इस जानकारी की घोषणा अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर की।
ट्रंप ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी को संबोधित करते हुए लिखा कि बोर्ड ऑफ पीस ने कनाडा को सदस्यता का निमंत्रण रद्द कर दिया है। उन्होंने इस बोर्ड को अब तक का सबसे प्रतिष्ठित वैश्विक नेतृत्व मंच बताया।
अंतरराष्ट्रीय पहल और प्रारंभिक सदस्यता
ट्रंप ने हाल ही में अपने नए ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की शुरुआत की है, जिसमें विभिन्न देशों को सदस्य बनने के लिए आमंत्रित किया गया। शुरुआती तौर पर इस पहल का मुख्य उद्देश्य गाजा के पुनर्निर्माण पर काम करना बताया गया है। गुरुवार तक करीब 35 देशों ने इस बोर्ड में शामिल होने की स्वीकृति दे दी है। इनमें इजराइल, तुर्की, मिस्र, सऊदी अरब और कतर जैसे पश्चिम एशियाई देश शामिल हैं।
हालांकि, कई यूरोपीय देश, जिन्हें अमेरिका के पारंपरिक सहयोगी माना जाता है, अभी इस पहल से दूरी बनाए हुए हैं। न तो उन्होंने सदस्यता को लेकर पूरी सहमति दी है और न ही बोर्ड के फीस सिस्टम पर मंजूरी दी है।
सदस्यता और शुल्क का ढांचा
बोर्ड में स्थायी सदस्य बनने के लिए प्रत्येक देश को कम से कम 1 अरब अमेरिकी डॉलर का भुगतान करना होगा। ट्रंप के इस बोर्ड में आजीवन अध्यक्ष बने रहने की संभावना जताई जा रही है, जबकि अन्य सदस्यों का कार्यकाल तीन साल का होगा।
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि करीब 50 देशों को बोर्ड में शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया है। हालांकि, कई देशों ने अब तक प्रतिक्रिया नहीं दी है। फिलहाल, सदस्य देशों की अंतिम सूची जारी नहीं की गई है। कुछ देशों ने स्वीकृति दे दी है, कुछ ने इनकार किया है और कई देशों पर अब भी विचार चल रहा है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में बदला मौसम, बारिश और तेज हवाओं से बढ़ी ठंड
