होम = Cover Story Global = टैरिफ चेतावनियों के बीच ट्रंप का बड़ा बयान, पीएम मोदी की करता हूं बहुत इज्जत; जल्द होगी ट्रेड डील

टैरिफ चेतावनियों के बीच ट्रंप का बड़ा बयान, पीएम मोदी की करता हूं बहुत इज्जत; जल्द होगी ट्रेड डील

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में हिस्सा ले रहे हैं। मंच से संबोधन के बाद उन्होंने भारतीय मीडिया से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत–अमेरिका के बीच संभावित व्यापार समझौते पर अपने विचार साझा किए।

मीडिया से चर्चा के दौरान ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति उनके मन में गहरा सम्मान है। उन्होंने मोदी को प्रभावशाली नेता बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच मजबूत और संतुलित व्यापार समझौता होने की पूरी संभावना है। ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि भारत और अमेरिका के रिश्ते व्यापार के मोर्चे पर नई दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

गौरतलब है कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ताएं रुकने के बाद अगस्त में अमेरिकी प्रशासन ने भारतीय उत्पादों पर शुल्क बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया था। यह दर वैश्विक स्तर पर सबसे ऊंची टैरिफ दरों में गिनी जाती है। इसके अलावा रूस से तेल खरीदने को लेकर भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क भी लगाया गया था।

भारत सरकार ने पिछले सप्ताह कहा था कि फरवरी में बातचीत दोबारा शुरू होने के बाद दोनों पक्ष कई बार समझौते के बेहद करीब पहुंचे हैं। भारत में अमेरिकी राजदूत के रूप में कार्यभार संभालने के बाद सर्जियो गोर ने भी स्पष्ट किया था कि व्यापार समझौते को लेकर दोनों देशों के बीच लगातार और सक्रिय बातचीत चल रही है। अधिकारियों के अनुसार, व्यापार पर अगला दौर जल्द होने वाला है।

इससे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से फोन पर संवाद किया था। इस बातचीत में व्यापार, अहम खनिज, परमाणु ऊर्जा और रक्षा सहयोग जैसे मुद्दों पर फोकस रहा। भारत और अमेरिका ने वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर 500 अरब डॉलर से अधिक करने का लक्ष्य तय किया है। व्यापार घाटे को कम करने के लिए भारत ने अमेरिका से ऊर्जा संसाधनों और रक्षा उपकरणों की खरीद बढ़ाने का भरोसा भी दिलाया है। हालांकि, बीते साल हुई बातचीत किसी व्यापक समझौते तक नहीं पहुंच पाई थी, जिसके चलते कई मसले अब भी लंबित बने हुए हैं।

ये भी पढ़ें: अविमुक्तेश्वरानंद का प्रयागराज प्रशासन को चेतावनी, कहा- नोटिस वापस लो वरना मानहानि का केस करूंगा

बंगाल