Iran War News: ईरान के लिए मंगलवार, 7 अप्रैल का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। एक ओर डोनाल्ड ट्रंप द्वारा समझौते के लिए दी गई डेडलाइन आज खत्म हो रही है, वहीं दूसरी ओर इजरायल ने अगले 12 घंटों में ईरान के ट्रेन नेटवर्क पर हमले की चेतावनी दी है। इजरायली सेना ने ईरान के लोगों से ट्रेनों का इस्तेमाल न करने को कहा है और चेताया है कि ऐसा करने पर उनकी जान को खतरा हो सकता है।
इज़रायली सेना ने X पर ट्रेन यात्रियों को दी चेतावनी
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इजरायली सेना के फारसी चैनल ने “ईरान देश में यूजर्स और ट्रेन यात्रियों के लिए तत्काल चेतावनी” नाम से एक पोस्ट डाला है। इसमें लिखा है, “प्रिय नागरिकों, आपकी सुरक्षा की खातिर, हम आपसे अनुरोध करते हैं कि इस वक्त से रात के 9 बजे ईरान समय तक, आप पूरे ईरान में ट्रेन का उपयोग करने और यात्रा करने से बचें। ट्रेनों और रेलवे लाइनों के पास आपकी उपस्थिति आपके जीवन को खतरे में डालती है।”
1.4 करोड़ ईरानियों ने जंग में शामिल होने के लिए दिए नाम
ईरान के सरकारी टेलीविजन ने मंगलवार को दावा किया कि अमेरिका और इजरायल द्वारा संभावित जमीनी हमले की स्थिति में करीब 1.4 करोड़ लोगों ने देश के लिए लड़ने के लिए स्वेच्छा से नाम दर्ज कराया है। हालांकि, इस दावे के साथ कोई अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की गई। इससे पहले 2 अप्रैल को मोहम्मद बघेर कालिबाफ ने कहा था कि करीब 70 लाख लोग युद्ध में शामिल होने के लिए आगे आए थे।

