होम = News Big = Moon Mission: NASA की तैयारियों को लगा झटका; काउंटडाउन प्रैक्टिस में रॉकेट का ईंधन हुआ लीक, अब 11 फरवरी को भरनी होगी उड़ान

Moon Mission: NASA की तैयारियों को लगा झटका; काउंटडाउन प्रैक्टिस में रॉकेट का ईंधन हुआ लीक, अब 11 फरवरी को भरनी होगी उड़ान

by | Feb 3, 2026 | News Big

Training for a Mission Around the Moon: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के नए मून रॉकेट एसएलएस के महत्वपूर्ण वेट ड्रेस रिहर्सल के दौरान हाइड्रोजन फ्यूल लीक हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक, यह टेस्ट आर्टेमिस II मिशन के लिए अंतिम बड़ी प्रैक्टिस थी। अगर यह प्रैक्टिस पूरी हो जाती तो नासा तय कर पाता कि उसके 4 एस्ट्रोनॉट्स चांद के चारों ओर उड़ान कब भरेंगे। लेकिन अब इन तैयारियों को झटका लगा है यानी उसके मून मिशन में और देरी हो सकती है।

हाइड्रोजन फ्यूल रॉकेट के निचले हिस्से में जमा हो गई थी

रिपोर्ट के अनुसार, कैनेडी स्पेस सेंटर में दिन भर चले फ्यूलिंग ऑपरेशन के कुछ ही घंटों बाद रॉकेट के निचले हिस्से में अत्यधिक हाइड्रोजन जमा होने की समस्या सामने आई। लॉन्च टीम ने हाइड्रोजन भरने की प्रक्रिया को कम से कम 2 बार रोका और 2022 के आर्टेमिस I टेस्ट फ्लाइट में विकसित की गई तकनीकों का इस्तेमाल कर समस्या को ठीक करने की कोशिश की गई। उस समय भी इसी तरह की हाइड्रोजन लीक ने रॉकेट को महीनों तक पैड पर रोके रखा था।

अब 11 फरवरी को भरनी होगी उड़ान

मून मिशन के लिए 4 एस्ट्रोनॉट्स कमांडर रीड वाइसमैन, पायलट विक्टर ग्लोवर, मिशन स्पेशलिस्ट क्रिस्टिना कोच (अमेरिकी) और जेरेमी हेंसन (कनाडाई) ह्यूस्टन के जॉनसन स्पेस सेंटर से लगभग 1,600 किमी दूर इस टेस्ट पर नजर रख रहे थे। वो पिछले डेढ़ हफ्ते से क्वारंटाइन में थे। सफल टेस्ट के आधार पर नासा आर्टेमिस II को 8 फरवरी से लॉन्च करने की कोशिश कर सकता है, लेकिन रॉकेट को 11 फरवरी तक उड़ना होगा, वरना मिशन मार्च तक टल जाएगा।

ये भी पढ़ें: अंतरिक्ष को अलविदा: 27 साल बाद सुनीता विलियम्स का नासा से संन्यास, रिकॉर्ड, मिशन और विरासत की पूरी कहानी