होम = News Big = अजित कुमार की मां का निधन, 84 साल की उम्र में ली अंतिम सांसें

अजित कुमार की मां का निधन, 84 साल की उम्र में ली अंतिम सांसें

Ajith’s mother Mohini Dies: तमिल सिनेमा से एक दुखद खबर सामने आई है। सुपरस्टार अजित कुमार की मां मोहिनी का 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने चेन्नई स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। मां के निधन की खबर मिलते ही अजित कुमार दुबई से चेन्नई के लिए रवाना हो गए। इस खबर के बाद फिल्म इंडस्ट्री और अभिनेता के प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

लंबे समय से बीमार थी अजित की मां

अजित कुमार की मां मोहिनी लंबे समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं और पिछले कुछ महीनों से उनकी तबीयत लगातार नाजुक बनी हुई थी। परिवार उनकी देखभाल में जुटा था, लेकिन चेन्नई स्थित उनके घर पर उन्होंने अंतिम सांस ली। यह दुख इसलिए भी और गहरा है क्योंकि अजित कुमार ने वर्ष 2023 में अपने पिता पी. एस. सुब्रमण्यम को भी खो दिया था। बताया जा रहा है कि मां के निधन के समय अभिनेता दुबई में एक प्रोजेक्ट के सिलसिले में मौजूद थे। सूचना मिलते ही उन्होंने अपना कार्यक्रम बीच में छोड़ दिया और चेन्नई के लिए रवाना हो गए। सूत्रों के मुताबिक, उनके पहुंचने के बाद ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

फिल्म इंडस्ट्री के लोगों ने जताया शोक

मोहिनी के निधन की खबर सामने आते ही तमिल फिल्म इंडस्ट्री और राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। कई अभिनेता, निर्देशक, निर्माता और राजनीतिक नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए अजित कुमार और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। वहीं, फैंस भी बड़ी संख्या में श्रद्धांजलि संदेश साझा कर रहे हैं। कई प्रशंसकों ने मोहिनी को एक स्नेही और मजबूत व्यक्तित्व बताते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की, जबकि अजित कुमार के समर्थकों ने इस दुख की घड़ी में अभिनेता और उनके परिवार के साथ खड़े रहने का संदेश दिया।