होम = देश = WHO ने भारत के तीन कफ सिरप पर जारी की चेतावनी, कोल्ड्रिफ भी सूची में

WHO ने भारत के तीन कफ सिरप पर जारी की चेतावनी, कोल्ड्रिफ भी सूची में

by | Oct 14, 2025 | देश

WHO : विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भारत में निर्मित तीन कफ सिरप को लेकर गंभीर स्वास्थ्य चेतावनी जारी की है। इनमें से एक सिरप कोल्ड्रिफ वह है, जिसे मध्य प्रदेश और राजस्थान में बच्चों की मौत के मामलों से जोड़ा गया है। संगठन ने सभी सदस्य देशों और भारतीय अधिकारियों से कहा है कि यदि इन प्रतिबंधित दवाओं का कोई बैच बाजार में पाया जाए, तो तुरंत WHO को इसकी सूचना दी जाए।

WHO की रिपोर्ट के अनुसार, ये तीन संदिग्ध सिरप- कोल्ड्रिफ, रेस्पिफ्रेश टीआर और रिलाइफ क्रमशः श्रीसन फार्मास्युटिकल्स, रेडनेक्स फार्मास्युटिकल्स और शेप फार्मा द्वारा तैयार किए गए थे। स्वास्थ्य एजेंसी ने बताया कि इन दवाओं में जहरीले तत्व पाए गए हैं, जो जानलेवा साबित हो सकते हैं और गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं।

CDSCO ने WHO दी जानकरी

भारत के केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने WHO को जानकारी दी है कि पिछले सप्ताह पांच वर्ष से कम आयु के 17 बच्चों की मौत इन कफ सिरप के सेवन के बाद हुई थी। हालांकि, CDSCO ने यह भी स्पष्ट किया कि ये दूषित दवाएं भारत से निर्यात नहीं की गई और अब तक अवैध निर्यात का कोई प्रमाण नहीं मिला है।

जहरीला रसायन पाया गया सिरप में

जांच में खुलासा हुआ कि सिरप में डायथिलीन ग्लाइकॉल (DEG) नामक रसायन की अत्यधिक मात्रा मौजूद थी। यह रसायन इंसानों के लिए बेहद जहरीला माना जाता है और पहले भी कई विषाक्तता की घटनाओं से जुड़ा रहा है। मध्य प्रदेश के औषधि नियंत्रक डी.के. मौर्य ने बताया कि कोल्ड्रिफ सिरप के एक सैंपल में 48% से अधिक DEG पाया गया, जबकि इसकी अधिकतम स्वीकार्य सीमा केवल 0.1% होती है।

निर्माण कंपनी पर सख्त कार्रवाई

इस घटना के बाद कई राज्यों ने कोल्ड्रिफ सिरप की बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है। वहीं, तमिलनाडु सरकार ने श्रीसन फार्मास्युटिकल्स का मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस रद्द कर कंपनी को बंद करने का आदेश जारी किया है।

ये भी पढ़े पीएम मोदी ने किसानों को दी दिवाली से पहले बड़ी सौगात, कृषि योजनाओं का किया शुभारंभ

इससे पहले कंपनी के मालिक जी. रंगनाथन को मध्य प्रदेश की विशेष जांच टीम (SIT) ने गिरफ्तार किया था। इसके अलावा, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में श्रीसन फार्मास्युटिकल्स और उसके अधिकारियों के परिसरों पर छापेमारी भी की है।

WHO ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध कफ सिरप का उपयोग न करें और बच्चों को यह दवा देने से पहले चिकित्सक की सलाह अवश्य लें।

Tags :