Weather Update : देश में मानसून की विदाई का सिलसिला शुरू हो चुका है, लेकिन जाते-जाते भी यह कई राज्यों को भिगो रहा है। उत्तर भारत से मानसून की वापसी हो रही है, फिर भी पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिणी इलाकों में बारिश का कहर जारी है।
महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में पिछले चार दिनों से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। इससे जनजीवन प्रभावित है और कई निचले इलाकों में पानी भरने से बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है।
बंगाल में 10 लोगों की मौत
पश्चिम बंगाल में सोमवार को अचानक मौसम बिगड़ गया। भारी बारिश के चलते राजधानी कोलकाता समेत कई जिलों में जलभराव हो गया। बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई। हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूल-कॉलेजों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव बनने से बारिश और तेज हो सकती है।
मौसम विभाग के अलर्ट
उड़ीसा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। खासतौर पर झारखंड के रांची सहित कई जिलों में जोरदार बारिश की चेतावनी है।
उत्तराखंड में राहत
उत्तराखंड में मानसून की वापसी के साथ ही मौसम साफ हो गया है। मंगलवार को देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में धूप खिली रही और तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया।
यूपी-बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश में अगले दो दिन यानी 24 और 25 सितंबर को राज्य में गर्मी और उमस बनी रहेगी। हालांकि, 26 सितंबर से मौसम का रुख बदल सकता है और पश्चिमी व पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना है।
ये भी पढ़े – iPhone 16 : Amazon और Flipkart में कौन दे रहा सस्ता, जानिए कहां से होगी ज्यादा बचत
पटना समेत नवादा, बेगूसराय, जहानाबाद, सिवान, सारण और समस्तीपुर में फिलहाल गर्मी परेशान करेगी। हालांकि, मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
मानसून विदा लेते-लेते भी देश के कई राज्यों में भारी बारिश (Weather Update) का असर दिखा रहा है और मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

