Parliament Winter Session : संसद का शीतकालीन सत्र 1 दिसंबर से चल रहा है और आज इसका आठवां दिन है। अब तक सात दिनों में ‘वंदे मातरम’ और ‘चुनाव सुधार’ जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर बहस हो चुकी है। संसद के दोनों सदनों में रोज हंगामा देखने को मिल रहा है और आज भी बहस के दौरान हंगामे के आसार हैं।
राज्यसभा में ‘वंदे मातरम’ पर चर्चा जारी
राज्यसभा में आज भी राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बहस जारी रहेगी। मंगलवार को इस पर बहस हुई थी, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित सत्ता पक्ष के सदस्य शामिल हुए थे। आज डेली रूटीन के बाद चर्चा फिर शुरू होगी। सत्ता पक्ष से जेपी नड्डा और कांग्रेस से जयराम रमेश अपने विचार रख सकते हैं।
वंदे मातरम पर चर्चा समाप्त होने के बाद ही राज्यसभा में चुनाव सुधार पर बहस शुरू होगी। इस बहस की शुरुआत कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल कर सकते हैं। कांग्रेस की ओर से अजय माकन, दिग्विजय सिंह और रणदीप सिंह सुरजेवाला अपने विचार रखेंगे।
लोकसभा में चुनाव सुधार पर बहस
लोकसभा में भी चुनाव सुधार पर बहस जारी रहेगी। विपक्ष के सदस्य जैसे केसी वेणुगोपाल, इमरान मसूद और वर्षा गायकवाड़ अपनी बात रखेंगे। शाम लगभग 5 बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा में हुई बहस का जवाब देंगे।
राहुल गांधी ने सत्ता पक्ष पर लगाया आरोप
मंगलवार को लोकसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘वोट चोरी’ को सबसे बड़ा राष्ट्र विरोधी कृत्य बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष और RSS निर्वाचन आयोग और अन्य संस्थाओं पर कब्जा कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने मांग की कि मतदान से एक महीने पहले सभी राजनीतिक दलों को मशीन से पढ़ने योग्य मतदाता सूची और मतदान के समय की CCTV फुटेज प्रदान की जाए। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य आयुक्त (नियुक्ति, सेवा-शर्तें और कार्यकाल) अधिनियम, 2023 की भी आलोचना की।
इस सत्र में चुनाव सुधार, मतदान प्रक्रिया और लोकतंत्र की पारदर्शिता पर बहस प्रमुख रूप से हो रही है, और संसद में हंगामे के बीच चर्चा जारी है।

