होम = News Featured = टिकट विंडो खुलते ही फुल! वंदे भारत स्लीपर ने पहले ही दिन बनाया रिकॉर्ड, यात्रियों का जबरदस्त क्रेज

टिकट विंडो खुलते ही फुल! वंदे भारत स्लीपर ने पहले ही दिन बनाया रिकॉर्ड, यात्रियों का जबरदस्त क्रेज

Vande Bharat Sleeper Train: कामाख्या (KYQ) से हावड़ा (HWH) के बीच शुरू होने जा रही देश की नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन ने लॉन्च से पहले ही इतिहास रच दिया है। जैसे ही टिकट बुकिंग विंडो खुली, कुछ ही घंटों में पहले कमर्शियल रन की सभी सीटें फुल हो गईं। PRS समेत अन्य रिजर्वेशन प्लेटफॉर्म पर यात्रियों ने टिकट के लिए होड़ लगा दी, जिससे ट्रेन पहले ही दिन हाउसफुल हो गई।

सभी क्लास की सीटें पूरी तरह बुक

यह सेमी-हाई-स्पीड स्लीपर ट्रेन 22 जनवरी 2026 से कामाख्या और 23 जनवरी से हावड़ा से अपनी पहली व्यावसायिक यात्रा शुरू करेगी। टिकट बुकिंग 19 जनवरी की सुबह 8 बजे शुरू हुई थी, लेकिन 24 घंटे से भी कम समय में सभी क्लास की सीटें पूरी तरह बुक हो गईं। यह रिस्पॉन्स साफ दिखाता है कि यात्रियों में तेज़, आरामदायक और आधुनिक रेल यात्रा को लेकर कितना उत्साह है।

प्रधानमंत्री द्वारा 17 जनवरी 2026 को उद्घाटन की गई यह ट्रेन खासतौर पर ओवरनाइट ट्रैवल को ध्यान में रखकर डिजाइन की गई है। इसमें आधुनिक स्लीपर कोच, बेहतर सस्पेंशन, शांत केबिन, आधुनिक टॉयलेट और सुरक्षा फीचर्स दिए गए हैं, जो लंबी दूरी की यात्रा को आसान और आरामदायक बनाते हैं।

मॉडर्न स्लीपर ट्रैवल के नए युग की शुरुआत

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, कामाख्या-हावड़ा वंदे भारत स्लीपर नॉर्थईस्ट और पूर्वी भारत के बीच कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देगी। कुछ ही घंटों में टिकट बिक जाना नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे की इस प्रीमियम पहल पर यात्रियों के भरोसे और बदलती पसंद का मजबूत संकेत है। यह ट्रेन भारतीय रेल में मॉडर्न स्लीपर ट्रैवल के नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।

ये भी पढ़ें: Noida Engineer Yuvraj Mehta: नोएडा इंजीनियर मौत केस में बड़ी कार्रवाई, नॉलेज पार्क पुलिस ने बिल्डर अभय कुमार को किया गिरफ़्तार