Kangana Ranaut : हिमाचल प्रदेश के मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया है। दरअसल, राहुल गांधी 15 दिसंबर से जर्मनी दौरे पर जा रहे हैं और वे लोकसभा के शीतकालीन सत्र के बीच ही विदेश यात्रा करेंगे। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद कंगना रनौत ने एक टिप्पणी की है।
मीडिया से बातचीत में बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कहा, “मैं उनके (राहुल गांधी) दौरों की कोई जानकारी नहीं रखती, न ही उनके बारे में कोई खबर पढ़ती हूं। उनकी खबरें हमेशा मुझे बेकार ही लगती हैं।”
‘राहुल गांधी के चरित्र में ताकत नहीं’ – कंगना रनौत
कंगना रनौत ने आगे कहा, “यह सबके सामने है कि उनकी पार्टी (कांग्रेस) क्यों सिंगल डिजिट पर सिमट गई है। ऐसे स्वभाव और चरित्र पर मैं कोई विशेष टिप्पणी नहीं करना चाहती, क्योंकि मुझे उनमें कोई मज़बूती नज़र नहीं आती। इसलिए मेरे पास उनके बारे में कहने के लिए ज़्यादा कुछ नहीं है।”
राहुल गांधी जर्मनी क्यों जा रहे हैं?
इंडियन ओवरसीज़ कांग्रेस ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से जानकारी दी है कि राहुल गांधी जर्मनी दौरे पर जा रहे हैं, जहां वे भारत की वैश्विक भूमिका पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा, वे जर्मनी के सांसदों से भी मुलाकात करेंगे।
इतना ही नहीं, राहुल गांधी जर्मनी में रहने वाले भारतीय समुदाय से भी मिलेंगे और उनसे बातचीत करेंगे। इसकी पुष्टि इंडियन ओवरसीज़ कांग्रेस यूके के महासचिव विक्रम दुहान ने की है।

