Manoj Tiwari House Robbed: दिल्ली की उत्तर-पूर्वी लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद और मशहूर गायक मनोज तिवारी के मुंबई स्थित आवास में 5.40 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। यह घटना अंधेरी पश्चिम के शास्त्रीनगर इलाके में स्थित सुंदरबन अपार्टमेंट की है।
पुलिस ने पूर्व कर्मचारी को पकड़ा
इस मामले में मनोज तिवारी के मैनेजर प्रमोद जोगेंदर पांडेय ने अंबोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने केस दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सुरेंद्रकुमार दीनानाथ शर्मा के रूप में हुई है, जिसे करीब दो साल पहले नौकरी से हटाया गया था।
सीसीटीवी से हुआ खुलासा
15 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे सीसीटीवी अलर्ट के जरिए पूर्व कर्मचारी सुरेंद्रकुमार शर्मा को चोरी करते हुए देखा गया। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि आरोपी के पास घर, बेडरूम और कपाट खोलने की बनावटी चाबियां थीं, जिनकी मदद से वह आसानी से घर में प्रवेश करता था।
पहले 4.40 लाख और अब 1 लाख की हुई चोरी
मनोजी तिवारी के इस घर पर 2 बार चोरी हो चुकी है। सबसे पहले जून 2025 में कपाट में रखे 4.40 लाख रुपये पहले ही गायब हो चुके थे, लेकिन उस समय चोरी करने वाले का पता नहीं चल पाया था। इस बार चोर ने 1 लाख की चोरी की थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
ये भी पढ़ें: देहरादून के गवर्नमेंट दून मेडिकल कॉलेज में जूनियर्स की बेल्टों से पिटाई, रैगिंग की बात भी सामने आई

