होम = देश = राजधानी पर घना जहर- AQI 330 के पार, अगले दिनों में भी नहीं मिलेगी राहत, खतरा चरम पर!

राजधानी पर घना जहर- AQI 330 के पार, अगले दिनों में भी नहीं मिलेगी राहत, खतरा चरम पर!

by | Dec 7, 2025 | देश

Delhi AQI Today : दिल्ली में शनिवार (6 दिसंबर) को हवा की गुणवत्ता फिर बिगड़ी रही। 24 घंटे का औसत AQI 330 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। पिछले डेढ़ महीने से दिल्ली लगातार जहरीली हवा की चपेट में है। सबसे ज्यादा परेशानी अस्थमा मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों को हो रही है।

ज्यादातर मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा खतरनाक स्तर पर

सीपीसीबी के ‘समीर’ ऐप के अनुसार दिल्ली के 40 में से 31 स्टेशनों पर AQI ‘बहुत खराब’ दर्ज हुआ।

  • नेहरू नगर: AQI 369
  • मुंडका: AQI 387

शनिवार सुबह 9 बजे औसत AQI 335 रहा। मौसम विभाग ने रविवार सुबह हल्की धुंध की संभावना जताई है। न्यूनतम तापमान 9°C और अधिकतम 24°C रहने का अनुमान है।

अगले तीन–चार दिनों में भी सुधार की उम्मीद नहीं

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार अगले कुछ दिनों तक AQI इसी स्तर के आसपास बना रहेगा। दिल्ली में अक्टूबर से लेकर अब तक हवा लगातार खराब, बहुत खराब या गंभीर श्रेणी में रही है। 14 अक्टूबर के बाद एक भी दिन AQI 200 के नीचे नहीं गया।

शनिवार शाम दिल्ली–NCR में

  • PM10: 275.7
  • PM2.5: 157.4 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर

ये स्तर सामान्य से तीन गुना ज्यादा हैं।

लोगों की सेहत पर गंभीर असर

बढ़ते प्रदूषण का सीधा असर लोगों की स्वास्थ्य पर दिख रहा है। खासकर अस्थमा के मरीज और बुजुर्ग इसकी चपेट में ज्यादा आ रहे हैं।
आम शिकायतें:

  • सांस लेने में दिक्कत
  • आंखों में जलन
  • गले में खराश
  • खांसी
  • सिरदर्द
  • थकान और बेचैनी

सरकारी एजेंसियों का कहना है कि बारिश या तेज हवा ही प्रदूषण कम कर सकती है, लेकिन फिलहाल ऐसी राहत की संभावना नहीं है।

प्रदूषण के साथ ठंड भी बढ़ा रही मुश्किलें

दिल्ली में प्रदूषण के साथ-साथ ठंड का असर भी तेज है। पहाड़ों में बर्फबारी जारी है, जिससे मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। 10 से 12 किमी प्रति घंटे की तेज हवा लोगों को और सिहरन दे रही है। न्यूनतम तापमान 5°C बना हुआ है और आने वाले दिनों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।